scorecardresearch
 

'पहले पापा को मारा, फिर मम्मी को दौड़ाकर गोली मारी', बेटी ने बताई डबल मर्डर की आंखों देखी

बिहार के नवगछिया के इस्माइलपुर में बाइक सवार हमलावरों ने नाश्ते की दुकान में सो रहे रंजन मंडल की गोली मारकर हत्या कर दी. पत्नी किरण देवी को भी करीब 200 मीटर तक पीछा कर गोली मार दी गई. बेटी पूजा ने एक आरोपी की पहचान की है. पुलिस ने सौरव कुमार को गिरफ्तार किया है. वहीं, परिवार की ढाई साल की बच्ची भी चार दिन से लापता है.

Advertisement
X
चार दिन से लापता है ढाई साल की बच्ची.(Photo: Sujeet Kumar/ITG)
चार दिन से लापता है ढाई साल की बच्ची.(Photo: Sujeet Kumar/ITG)

बिहार के नवगछिया जिले के इस्माइलपुर गांव में गुरुवार सुबह डबल मर्डर की वारदात से सनसनी फैल गई है. बाइक सवार अपराधियों ने नाश्ते की दुकान में सो रहे रंजन मंडल की गोली मारकर हत्या कर दी. वारदात के दौरान मौजूद उनकी पत्नी किरण देवी ने परिजनों को सूचना देने के लिए घर की ओर भागने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने उनका पीछा किया और करीब 200 मीटर तक खदेड़ने के बाद उन्हें भी गोली मार दी. दोनों की मौके पर ही मौत हो गई.

इस वारदात के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है.

यह भी पढ़ें: GROUND REPORT: घरों में 6 फीट पानी, नाव बनी सहारा... बिहार के नवगछिया में बाढ़ से हाहाकार

बेटी ने बताई आंखों देखी, बोली- मम्मी को भी खदेड़कर मारी गोली

मृतक दंपति की बेटी पूजा कुमारी ने घटना को लेकर चौंकाने वाला बयान दिया है. वह वारदात की चश्मदीद बताई जा रही है. पूजा के मुताबिक, बाइक पर दो लोग आए थे. उसने एक आरोपी की पहचान सौरव कुमार के रूप में की है, जबकि दूसरे को पहचानने से इनकार किया है.

पूजा ने बताया कि आरोपियों ने पहले उसके पिता रंजन मंडल को गोली मारी. इसके बाद जब वह अपनी मां के साथ जा रही थी, तभी हमलावरों को देखकर जंगल में छिप गई. उसने देखा कि सौरव ने उसकी मां को भी गोली मार दी. बेटी के मुताबिक, उसकी मां को नजदीक से गोली मारी गई थी.

Advertisement

पूजा ने यह भी आरोप लगाया कि हमलावरों ने उन्हें धमकी दी थी कि जिस दिन वे अकेले मिलेंगे, उस दिन उन्हें भी गोली मार दी जाएगी. हालांकि, घटना से जुड़े सभी आरोपों और परिस्थितियों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी.

एक आरोपी गिरफ्तार, फॉरेंसिक टीम जुटा रही साक्ष्य

दो लोगों की हत्या की सूचना मिलने पर एसडीपीओ सायम रजा और इस्माइलपुर थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची. एसडीपीओ ने बताया कि इस्माइलपुर गांव में दो लोगों की गोली मारकर हत्या की गई है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम भी पहुंची है और साक्ष्य जुटाकर जांच कर रही है.

पुलिस ने परिजनों की निशानदेही पर कार्रवाई करते हुए इस्माइलपुर निवासी ज्योतिष मंडल के बेटे सौरव कुमार को गिरफ्तार किया है. अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नवगछिया अनुमंडल अस्पताल भेज दिया है.

वारदात की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल पर पुलिस बल तैनात किया गया है. पुलिस अब हत्या के पीछे की वजह, आरोपियों की भूमिका और घटना से जुड़े दूसरे पहलुओं की जांच कर रही है.

चार दिन से लापता है ढाई साल की बच्ची, परिवार पहले से परेशान

Advertisement

इस दोहरे हत्याकांड के बीच परिवार से जुड़ा एक और गंभीर मामला सामने आया है. परिजनों के मुताबिक, रंजन मंडल के भाई की ढाई साल की बेटी पिछले चार दिनों से लापता है. परिवार बच्ची की तलाश में जुटा हुआ था, लेकिन इसी बीच पति-पत्नी की हत्या से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

परिवार के अनुसार, लापता बच्ची का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है. ऐसे में इस्माइलपुर की इस वारदात के बीच बच्ची के गायब होने का मामला भी चर्चा में है. हालांकि, बच्ची के लापता होने और दंपति की हत्या के बीच किसी संबंध की अभी पुष्टि नहीं हुई है.

मादक पदार्थों के कारोबार और लेनदेन विवाद की भी चर्चा

सूत्रों के मुताबिक, रंजन मंडल के कथित मादक पदार्थों के कारोबार और लेनदेन से जुड़े विवाद को भी हत्या की संभावित वजह बताया जा रहा है. हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस पहलू की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. जांच के दौरान यह स्पष्ट किया जाएगा कि वारदात के पीछे कोई आर्थिक विवाद था या इसकी वजह कुछ और है.

फिलहाल, पुलिस एक आरोपी को गिरफ्तार कर अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है. जांच में फॉरेंसिक साक्ष्यों और प्रत्यक्षदर्शी के बयान की अहम भूमिका हो सकती है. अब यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि चार दिन से लापता बच्ची के मामले का इस हत्याकांड से कोई संबंध है या नहीं. पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम और हत्या की वजह का खुलासा हो सकेगा.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement