scorecardresearch
 

राबड़ी देवी ने छोटू छलिया को भेंट किया हीरा जड़ा कंगन, JDU बोली- इस मामले का तुरंत संज्ञान ले ईडी

पटना में लालू प्रसाद यादव के जन्मदिन पर भोजपुरी गायक छोटू छलिया को राबड़ी देवी की तरफ से डायमंड कंगन दिए जाने पर बिहार में सियासत गरमाई. जेडीयू प्रवक्ता नीरज कुमार के तीखे सवालों पर पूरी रिपोर्ट...

Advertisement
X
लालू के जन्मदिन पर भोजपुरी गायक को मिला कीमती कंगन.(Photo:ITG)
लालू के जन्मदिन पर भोजपुरी गायक को मिला कीमती कंगन.(Photo:ITG)

बिहार की सियासत में बयानों और आरोपों का दौर कभी थमता नहीं है. ताजा मामला आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के जन्मदिन समारोह से जुड़ा है, जो अब एक बड़े राजनीतिक विवाद का रूप ले चुका है. लालू यादव के जन्मदिन के मौके पर आयोजित एक कार्यक्रम में भोजपुरी गायक छोटू छलिया को एक 'डायमंड वाला कंगन' तोहफे में दिया गया. इस कंगन की चमक जैसे ही सियासी गलियारों तक पहुंची, जेडीयू ने इसे लेकर आरजेडी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया.

दरअसल, आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के जन्मदिन के खास मौके पर एक भव्य भोजपुरी संगीत कार्यक्रम का आयोजन किया गया था. इस कार्यक्रम में लालू प्रसाद यादव, उनकी पत्नी राबड़ी देवी और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ-साथ आरजेडी के कई सीनियर लीडर और कार्यकर्ता एक साथ बैठकर भोजपुरी कलाकारों की शानदार प्रस्तुति का आनंद ले रहे थे.

इसी कार्यक्रम के दौरान भोजपुरी गायक छोटू छलिया ने अपनी गायकी से समां बांध दिया, जिससे खुश होकर राबड़ी देवी ने उन्हें एक कंगन भेंट किया. कंगन पाने वाले कलाकार छोटू छलिया ने खुद मीडिया और लोगों के सामने दावा किया कि राबड़ी देवी द्वारा दिया गया यह कंगन साधारण नहीं, बल्कि 'डायमंड वाला कंगन' है.

JDU प्रवक्ता  के 5 तीखे सवाल
भोजपुरी गायक के इस दावे के बाद जेडीयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार तुरंत आक्रामक मोड में आ गए. उन्होंने एक आधिकारिक बयान जारी कर लालू परिवार और राबड़ी देवी को कटघरे में खड़ा करते हुए कई चुभते हुए सवाल दागे. देखें VIDEO:- 

Advertisement

कंगन कहां से आया?
नीरज कुमार ने पूछा कि राबड़ी देवी ने अपने भोजपुरी सिंगर और पार्टी कार्यकर्ता को जो डायमंड वाला कंगन दिया है, आखिर वो कीमती कंगन आया कहां से?

GST टैक्स का क्या हुआ?
उन्होंने आर्थिक पारदर्शिता पर सवाल उठाते हुए पूछा कि क्या इस महंगे डायमंड कंगन को खरीदते वक्त इसका उचित जीएसटी (GST) टैक्स चुकाया गया था? इसके पक्के बिल कहां हैं?

10 सर्कुलर में कौन सी तिजोरी है?
जेडीयू प्रवक्ता ने सीधा हमला बोलते हुए पूछा, "क्या 10 सर्कुलर रोड के अंदर कोई गुप्त तिजोरी है? वहां जमीन के अंदर आखिर ऐसा क्या-क्या गड़ा हुआ है, जो इस तरह डायमंड बांटे जा रहे हैं?"

ED जांच की मांग
जेडीयू ने इस पूरे मामले को संदिग्ध संपत्ति और टैक्स चोरी से जोड़ते हुए मांग की है कि प्रवर्तन निदेशालय (ED) को इस पूरे मामले का तुरंत संज्ञान लेना चाहिए और कंगन के स्रोत की जांच करनी चाहिए.

बिहार में फिर गरमाई 'शह-मात' की राजनीति
लालू यादव के जन्मदिन के जश्न के बीच जेडीयू के इस बड़े हमले ने आरजेडी खेमे में खलबली मचा दी है. जेडीयू का आरोप है कि एक तरफ आरजेडी खुद को गरीबों की पार्टी बताती है, वहीं दूसरी तरफ उनके आयोजनों में इस तरह हीरों के आभूषणों की नुमाइश और लेन-देन हो रहा है.

Advertisement

समाचार लिखे जाने तक इस 'डायमंड कंगन विवाद' पर RJD नेतृत्व या लालू परिवार की तरफ से कोई आधिकारिक सफाई या पलटवार सामने नहीं आया था, लेकिन इस मुद्दे ने बिहार के राजनीतिक तापमान को जरूर बढ़ा दिया है.

---- समाप्त ----
Live TV

TOPICS:
Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement