बिहार के जमुई से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आ रही है. यहां गैर मर्द के साथ अवैध संबंध को लेकर पति ने पत्नी की गला रेतकर हत्या कर दी. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है, साथ ही हत्या को लेकर प्रयोग में लिए जाने वाले हथियार को भी जब्त कर लिया है. जानकारी के अनुसार अवैध संबंध और घरेलू विवाद को लेकर इस घटना को अंजाम दिया गया.
जमुई जिले के खैरा थाना क्षेत्र के गंगोडीह गांव में घरेलू विवाद और अवैध संबंध के शक में एक पति ने अपनी पत्नी की गला रेतकर हत्या कर दी. यह घटना बुधवार सुबह की है. पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है. मृतिका की पहचान 45 साल की उगनी देवी के रूप में हुई है. घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पति कमरे में लाश के साथ ही बैठा रहा. सुबह जानकारी मिलने पर इलाके में सनसनी फैल गई और घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई.
स्थानीय लोगों ने इस घटना की जानकारी खैरा थाना पुलिस को दी. जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी पति गगन मांझी को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जमुई सदर अस्पताल भेज दिया है.
आरोपी पति गगन मांझी ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी का किसी अन्य व्यक्ति के साथ अवैध संबंध था और उसने उन्हें आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था. उसने बताया कि उसने सुबह करीब तीन बजे हंसुआ से गला रेतकर पत्नी की हत्या की और रातभर शव के पास ही बैठा रहा.
घटना की जानकारी मिलते ही खैरा थानाध्यक्ष मिंटू कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार को भी बरामद कर लिया है. FSL की टीम मौके पर जांच कर रही है. पूछताछ में हत्या के कारण पति पत्नी के बीच विवाद बताया जा रहा है.