बिहार के गोपालगंज में पुलिस ने अवैध हथियार के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है. हथुआ थाना क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई के दौरान एक देसी पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस, स्प्लेंडर बाइक और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं.
हथुआ एसडीपीओ राजेश कुमार के मुताबिक, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बाइक सवार दो व्यक्ति हथियार लेकर जा रहे हैं. इसके बाद टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया. अब पुलिस हथियारों की खरीद-बिक्री से जुड़े नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है.
यह भी पढ़ें: बिहार: गोपालगंज में मस्जिद के अंदर मौलवी की हत्या, सुबह अजान नहीं हुई तो सामने आया खौफनाक मामला
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
पुलिस के अनुसार, हथुआ थाना को सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति स्प्लेंडर बाइक से अवैध हथियार लेकर कोड़राहाता गांव से चैनपुर की ओर जा रहे हैं. सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने चैनपुर गांव में रमेश्वर पांडेय के घर के सामने सड़क पर निगरानी शुरू कर दी.
इसी दौरान संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया गया. पुलिस के मुताबिक, बाइक सवारों ने भागने की कोशिश की, लेकिन मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई. इसके बाद पुलिसकर्मियों ने दोनों को हिरासत में ले लिया.
पकड़े गए युवकों की पहचान मीरगंज थाना क्षेत्र के कोड़राहाता गांव निवासी गोलू कुमार और हथुआ थाना क्षेत्र के चैनपुर गांव निवासी प्रियांशु कुमार पांडेय के रूप में हुई है. पुलिस ने प्रियांशु कुमार पांडेय को विधि-विरुद्ध बालक बताया है.
देसी पिस्टल, कारतूस और मोबाइल फोन जब्त
पुलिस ने तलाशी के दौरान गोलू कुमार के पास से एक देसी पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद किया. वहीं, दूसरे युवक के पास से भी एक मोबाइल फोन मिला. कार्रवाई के दौरान इस्तेमाल की जा रही स्प्लेंडर मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया गया.
हथुआ एसडीपीओ राजेश कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर वाहन जांच के दौरान एक नाबालिग सहित दो युवकों को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया गया है. बरामद हथियार और कारतूस को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है.
हथियार कहां से आए, नेटवर्क की जांच जारी
इस मामले में हथुआ थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों के पास देसी पिस्टल और कारतूस कहां से आए थे और क्या इस मामले में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है.
पुलिस अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री से जुड़े संभावित नेटवर्क की भी जांच कर रही है. जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.