scorecardresearch
 

बिहार: पेड़ से नींबू तोड़ने के आरोप में नाबालिग की पीट-पीटकर हत्या, गांव में तनाव

बिहार के नालंदा जिले से इंसानियत को झकझोर देने वाली खबर सामने आई है. मात्र कुछ नींबू तोड़ने के विवाद में एक बुजुर्ग ने किशोर को इतनी बेरहमी से पीटा कि उसकी मौत हो गई. इस घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और पुलिस के बीच झड़प भी हुई.

Advertisement
X
नालंदा में किशोर की पीट-पीटकर हत्या. (photo: ITG)
नालंदा में किशोर की पीट-पीटकर हत्या. (photo: ITG)

बिहार के नालंदा एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां नींबू तोड़ने के आरोप में एक बुजुर्ग ने कथित तौर पर एक नाबालिग की पिटाई कर दी, जिससे उनकी मौत हो गई. घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने मौके पर पहुंची पुलिस टीम पर हमला कर दिया. इसके बाद पुलिस ने स्थिति पर काबू पाने के लिए और भीड़ में बल का प्रयोग करते हुए लाठीचार्ज किया. घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है.

घटना के बारे में जानकारी देते हुए एसपी भरत सोनी ने बताया कि गांववालों के मुताबिक, आरोपी के पेड़ से लड़के द्वारा नींबू तोड़ने के बाद विवाद शुरू हो गया. हम घटना के पीछे की सही वजह जानने के लिए मामले की जांच कर रहे हैं.

नाबालिग की मौत से गांव में तनाव

उन्होंने बताया कि पुलिस के मौके पर पहुंचने पर गुस्साए ग्रामीणों ने कुछ प्रतिरोध किया. स्थिति बिगड़ने लगी थी इसलिए हमें हल्का बल प्रयोग करना पड़ा, लेकिन अब हालात नियंत्रण में हैं. इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात है.

एसपी ने कहा कि मामले की जांच के बाद हम दोषी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाएंगे. किशोर लड़के के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है.

वहीं, जिला अधिकारी का भी कहना हैं कि वो स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और  उचित जांच के बाद अपराधी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाना सुनिश्चित करेंगे.

वहीं, कुछ मीडिया रिपोर्ट्स का कहना है कि किशोर अपने दोस्तों के साथ खेल रहा था और खेलते-खेलते एक नींबू के पेड़ के पास पहुंच गया, जहां तेज हवा के कारण एक नींबू जमीन पर गिर गया था. जिसे बच्चे ने उठा लिया.

आरोप है कि नींबू उठाते ही पेड़ के मालिक गोरख मियां ने आपा खो दिया और गुस्से में आकर लाठी से बच्चे के सिर पर जोरदार प्रहार किया, जिसके कारण सिर में गंभीर चोट लगी और बच्चा मौके पर ही बेहोश हो गया. उसे तुरंत आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया पर रास्ते में ही नबालिग ने दम तोड़ दिया.

---- समाप्त ----
Written by- शिवांशी शुक्ला
Live TV

Advertisement
Advertisement