बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर मतगणना हो रही है. इनमें 4 स्नातक और 4 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं. पटना में मतगणना के दौरान हंगामा मच गया. दरअसल, मतगणना केंद्र से अंदर से एक कर्मचारी फाइलों का बंडल लेकर बाहर आ रहे थे. इस दौरान वहां मौजूद लोगों और यूट्यूबर्स ने कर्मचारी को घेर लिया और फाइलें खोलने की मांग करने लगे.
काफी देर तक धक्का-मुक्की और कहासुनी के बाद वहां मौजूद लोगों ने फाइलों के बंडल खोल दिए. मौके पर फाइलों को लेकर अफरा-तफरी मच गई. कुछ लोगों ने फर्जी वोट के नारे भी लगाए. फाइलों में क्या था और उन्हें बाहर ले जाने का क्या कारण था, इसकी अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
मतगणना केंद्र के बाहर फाइल के बंडल को लेकर बवाल इतना बढ़ गया कि निर्वाचन आयोग के अधिकारी को बाहर आकर मामले में सफाई देनी पड़ी. लोगों ने आरोप लगाया कि इसमें फॉर्म 16 थे. उन्होंने साफ किया कि वह पीठासीन अधिकारी की डायरी है, फॉर्म 16 नहीं.
ECI अधिकारी ने दी सफाई
पटना में बवाल बढ़ता देख पुलिस ने फाइल को घेर लिया है. फिलहाल पुलिस मामले को शांत कराने की कोशिश कर रही है.
यह भी पढ़ें: MLC Election Results 2026 Live: काउंटिंग के दौरान टूटा मिला मतपेटी का सील, गोरखपुर में हंगामा, पटना में फाइल पर बवाल
गौरतलब है, बिहार में स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में पटना, दरभंगा, तिरहुत और कोसी सीट शामिल हैं. वहीं, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में पटना, दरभंगा, तिरहुत और सारण सीट शामिल है.
वहीं, MLC चुनाव की मतगणना के बीच अनंत सिंह के घर पर मिठाइयां बन रही हैं. अनंत सिंह के समर्थकों ने अभी से मिठाइयां बांटना शुरू कर दिया है. अनंत सिंह के समर्थकों का कहना है कि JDU ने उन्हें बाहर कर बहुत ही गलत फैसला लिया है. अनंत सिंह एमएलसी चुनाव में जन सुराज प्रत्याशी अनुज सिंह का समर्थन कर रहे थे. उनके समर्थकों ने दावा किया है कि चुनाव में अनंत सिंह समर्थित उम्मीदवार की ही होगी.