scorecardresearch
 

आंधी-तूफान से बचने के लिए जहां रुका युवक, सिर पर ढह गया वही मकान

बेगूसराय में आंधी-तूफान के दौरान दर्दनाक हादसा हुआ, जब निर्माणाधीन तीन मंजिला मकान की दीवार गिरने से एक युवक की मौत हो गई. बारिश से बचने के लिए रुका युवक मलबे की चपेट में आ गया. घटना के बाद इलाके में मातम पसरा है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.  

Advertisement
X
शख्स के सिर पर ही ढह गया मकान (Photo: itg)
शख्स के सिर पर ही ढह गया मकान (Photo: itg)

बिहार के बेगूसराय में बुधवार रात आई तेज आंधी और बारिश एक परिवार के लिए भारी पड़ गई. रतनपुर थाना क्षेत्र के गाछी टोला मियां चौक मोहल्ले में एक निर्माणाधीन मकान की दीवार गिरने से 20 साल के युवक की जान चली गई. इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है.

मृतक की पहचान बजरंगी सोनी के बेटे दीपक कुमार के रूप में हुई है, जो मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था. परिजनों के मुताबिक, दीपक बुधवार शाम काम खत्म कर अपने तीन साथियों के साथ घर लौट रहा था. इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया और तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई.

बारिश और तेज हवा से बचने के लिए दीपक अपने साथियों के साथ पास ही स्थित पड़ोसी गोपाल सोनी के निर्माणाधीन तीन मंजिला मकान के किनारे खड़ा हो गया. लेकिन यह फैसला उसके लिए जानलेवा साबित हुआ. तेज हवाओं के दबाव से मकान के ऊपरी हिस्से की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई और सीधे दीपक के ऊपर आ गिरी.

घटना के बाद उसके साथियों ने तत्काल उसे मलबे से बाहर निकाला और गंभीर हालत में सदर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. हादसे की खबर मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग अस्पताल पहुंच गए, जहां मातम का माहौल छा गया.

Advertisement

स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माणाधीन भवन की सुरक्षा को लेकर लापरवाही बरती गई थी. वहीं, मृतक के पिता ने बताया कि उनका बेटा रोज की तरह काम से लौट रहा था, लेकिन अचानक बदले मौसम ने सब कुछ छीन लिया.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी. यह हादसा एक बार फिर याद दिलाता है कि निर्माणाधीन इमारतों के आसपास सतर्कता बरतना कितना जरूरी है, खासकर खराब मौसम के दौरान.

 
 
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement