बिहार के बगहा में नवरात्रि के पहले दिन कलश शोभायात्रा के दौरान बड़ा और दर्दनाक हादसा हो गया. रामनगर के खटौरी गांव के पास दोन कैनाल के नजदीक श्रद्धालुओं से भरी ट्रॉली 11 हजार वोल्ट के बिजली तार की चपेट में आ गई. हादसे में दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक बच्चे झुलस गए हैं. नवरात्रि के मौके पर निकली शोभायात्रा के दौरान हुई इस घटना से खुशियों का माहौल मातम में बदल गया है.
जानकारी के मुताबिक, भैरोगंज थाना क्षेत्र के ससराव गांव के ग्रामीण नवरात्रि में मंदिर में कलश स्थापना के लिए शोभायात्रा निकालकर जलभरी करने दोन कैनाल पहुंचे थे. इसी दौरान ट्रॉली पर सवार एक बच्चा हाथ में झंडा लेकर खड़ा था. झंडा ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के बिजली तार के संपर्क में आ गया, जिससे ट्रॉली में करंट दौड़ गया.
यह भी पढ़ें: बगहा में दहेज हत्या मामले में सास-ससुर दोषी करार...अब सजा पर फैसला 9 अक्टूबर को
इसकी चपेट में आने से ट्रॉली पर सवार कई बच्चे झुलस गए. अचानक हुए हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई. आनन-फानन में घायलों को रामनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है. हादसे में दो बच्चों की मौत की पुष्टि हुई है.
नीचे लटक रहे बिजली तार को लेकर ग्रामीणों ने उठाए सवाल
घटना के बाद बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं. ग्रामीणों का आरोप है कि दो गांवों को जोड़ने वाले रास्ते पर 11 हजार वोल्ट का बिजली तार काफी नीचे लटक रहा था. उनका कहना है कि तार की ऊंचाई कम होने की वजह से ट्रॉली पर मौजूद झंडा उसके संपर्क में आ गया और यह दर्दनाक हादसा हुआ.
वहीं, रामनगर के एसडीपीओ सत्येंद्र राम ने बताया कि बिजली की चपेट में आने से एक दर्जन से अधिक बच्चे घायल हुए हैं, जबकि दो बच्चों की मौत हुई है. घायलों को इलाज के लिए रामनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है.
नवरात्रि के पहले दिन हुई इस घटना से ससराव गांव और आसपास के इलाके में शोक का माहौल है. कलश स्थापना के लिए निकली शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालुओं के बीच हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई. ग्रामीणों ने बिजली के तार की कम ऊंचाई को हादसे की वजह बताया है.