
Tata Sierra EV Price and Range: भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार की सबसे चर्चित एसयूवी में शामिल Tata Sierra ने आखिरकार इलेक्ट्रिक अवतार में एंट्री कर ली है. जिस कार का इंतजार पिछले कई सालों से किया जा रहा था, वह अब सड़कों पर उतरने के लिए तैयार है. दमदार डिजाइन, मॉडर्न टेक्नोलॉजी, लंबी ड्राइविंग रेंज और कई बैटरी विकल्पों के साथ Tata Sierra EV सिर्फ एक नई इलेक्ट्रिक एसयूवी नहीं, बल्कि एक आइकॉनिक नाम की इलेक्ट्रिक अवतार में शानदार वापसी है.
नई Tata Sierra EV को कंपनी ने 18.79 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) की शुरुआती इंट्रोडक्ट्री प्राइस के साथ लॉन्च किया है. कंपनी ने इस एसयूवी की आधिकारिक बुकिंग आज से शुरू कर दी है. इसकी डिलीवरी 15 जुलाई से देश भर में शुरू की जाएगी. आइए देखें नई Tata Sierra EV में क्या कुछ खास है और क्या यह एसयूवी संभावित इलेक्ट्रिक कार बायर्स के उम्मीदों पर खरा उतर पाएगी.
नई Sierra EV कंपनी के इलेक्ट्रिक व्हीकल पोर्टफोलियो की सातवीं EV है. साल 1991 में शुरू हुआ सिएरा का सफर अब इलेक्ट्रिक अवतार तक आ पहुंचा है. टाटा मोटर्स के सीईओ शैलेष चंद्रा का कहना है कि, "आज के ग्राहकों को एक मिड-साइज इलेक्ट्रिक एसयूवी में कम्फर्ट, फीचर्स, रेंज, स्पेस और परफॉर्मेंस सबकुछ चाहिए और हमारी कारें इन सभी पैरामीटर्स पर बेहतर हैं." उन्होंने कहा कि, "कंपनी के इलेक्ट्रिक कारों की बुकिंग तीन गुना बढ़ चुकी है. इसके अलावा हाल ही में लॉन्च हुई सिएरा ICE के तकरीबन 40,000 यूनिट्स की बिक्री की जा चुकी है. अब इसके इलेक्ट्रिक वर्जन से भी ऐसी ही उम्मीदे हैं."

इसका लुक और डिज़ाइन काफी हद तक इसके ICE वर्जन जैसा ही है. हालांकि कंपनी ने बतौर इलेक्ट्रिक इसके डिज़ाइन में कुछ बदलाव जरूर किए हैं. इसके फ्रंट में बंद (क्लोज़्ड-ऑफ) ग्रिल दी गई है, जो इलेक्ट्रिक कारों की पहचान मानी जाती है. इसके साथ नया फ्रंट बंपर भी मिलेगा. सबसे बड़ा बदलाव कनेक्टेड LED DRLs के रूप में देखने को मिलता है.
जहां ICE मॉडल में आइब्रो स्टाइल DRLs दिए गए हैं, वहीं Sierra EV में पूरी चौड़ाई में फैले कनेक्टेड LED डे-टाइम रनिंग लाइट्स (DRLs) मिलते हैं. साइड प्रोफाइल लगभग पहले जैसी ही है, लेकिन EV बैज इसे अलग पहचान देगा. पीछे की तरफ भी कनेक्टेड LED टेललाइट्स और नए EV बैज दिए गए हैं. इन बदलावों के साथ इलेक्ट्रिक वर्जन खुद को ICE से अलग बनाता है.
Tata Sierra EV के केबिन को भी प्रीमियम बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी गई है. इसके केबिन को ग्रे और ब्लैक थीम से सजाया गया है, जैसा कंपनी की दूसरी इलेक्ट्रिक कारों में देखने को मिलता है. पूरी तरह नए और मॉडर्न डैशबोर्ड लेआउट से लैस इस एसयूवी में ट्रिपल-स्क्रीन सेटअप दिया गया है. जिसमें ड्राइवर के लिए 10.25 इंच का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, 12.3 इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम दिया जाएगा. इसके अलावा आगे बैठने वाले पैसेंजर के लिए अलग 12.3 इंच की एंटरटेनमेंट स्क्रीन शामिल हैं.
इसके साथ टू-स्पोक स्टीयरिंग व्हील मिलता है, जिसके बीच में इल्यूमिनेटेड Tata EV लोगो दिया गया है. यह फीचर केबिन को और ज्यादा प्रीमियम लुक देता है. Sierra EV में खास Boost Mode भी दिया गया है, जिसे सेंटर कंसोल पर मौजूद एक फिजिकल बटन दबाकर एक्टिव किया जा सकता है. माना जा रहा है कि इस मोड को ऑन करने पर कुछ समय के लिए मोटर की पूरी ताकत और अधिकतम टॉर्क मिल जाएगा. इससे तेज एक्सीलरेशन और बेहतर परफॉर्मेंस का एक्सपीरिएंस मिलेगा.
नई सिएरा इलेक्ट्रिक को कंपनी ने दो अलग-अलग बैटरी पैक ऑप्शन (63kWh और 75kWh) के साथ पेश किया है. कंपनी का दावा है कि, इसका बड़ा बैटरी पैक (75kWh) सिंगल चार्ज में 665 किमी (MIDC) रेंज देता है. वहीं छोटा बैटरी पैक(63kWh) सिंगल चार्ज में 565 किमी (MIDC) रेंज देने में सक्षम है. इस कार के लॉन्च के दौरान कंपनी ने इस एसयूवी के कुछ रियल वर्ल्ड रेंज टेस्टिंग वीडियो भी दिखाए, जिसमें दावा किया गया कि ये एसयूवी सिंगल चार्ज में 700 किमी से भी ज्यादा रेंज दे चुकी है.
कंपनी का कहना है कि, रियल वर्ल्ड में बड़ा बैटरी पैक कम से कम 510 से 530 किमी की रेंज देगा. इसके अलावा छोटा बैटरी पैक कम से कम 440 से 460 किमी की रेंज देने में सक्षम है. डीसी फास्ट चार्जर की मदद से बड़ी बैटरी महज 15 मिनट में इतनी चार्ज हो जाएगी कि आपको तकरीबन 263 किमी की रेंज मिलेगी, और छोटा बैटरी पैक इतने ही समय में 238 किमी तक की रेंज दे सकता है. कंपनी इस कार की बैटरी पर लाइफ-टाइम वारंटी दे रही है.
कंपनी का कहना है कि, सिएरा इलेक्ट्रिक मल्टीपल चार्जिंग सिस्टम को सपोर्ट करती है. जिसमें 120kW डीसी फास्ट चार्जर से इसकी बैटरी केवल 26 मिनट में 0 से 80 प्रतिशत तक चार्ज हो जाती है. इसके अलावा ये कार 7.2kW होम चार्जर और 3.3kW पोर्टेबल चार्जर के साथ आती है. कंपनी ने चार्जिंग के लिए अलग-अलग इंडिकेटर्स भी दिए हैं, व्हाइट लाइट का मतलब है जब आप चार्जिंग शुरू करते हैं, ब्लू लाइट का मतलब बैटरी को चार्ज किया जा रहा है, ग्रीन का मतलब है बैटरी फुली चार्ज हो गई है और रेड लाइट का मतलब है कि अलर्ट होने की जरूरत है.

सिएरा इलेक्ट्रिक में दो अलग-अलग डुअल इलेक्ट्रिक मोटर सेटअप दिया गया है. जिसमें 175kW का रियल व्हील मोटर 300 न्यूटन मीटर (Nm) का टॉर्क जेनरेट करता है. वहीं फ्रंट मोटर 103 kW की पावर और 164 न्यूटन मीटर (Nm) का टॉर्क जेनरेट करता है. ऑल-व्हील-ड्राइव (जिसे कंपनी QWD कहती है) सिस्टम से लैस ये एसयूवी टफ टेरेन में भी आसानी से दौड़ने में सक्षम है. पिक-अप के मामले में भी ये एसयूवी काफी बेहतर है. कंपनी का कहना है कि, नई सिएरा इलेक्ट्रिक केवल 5.8 सेकंड में ही 0 से 100 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार पकड़ने में सक्षम है. कंपनी का दावा है कि, ये देश की सबसे फास्ट एक्सीलरेशन वाली इलेक्ट्रिक एसयूवी है.
कंपनी का कहना है कि, सिएरा ईवी में व्हीकल टू लोड (V2L) और व्हीकल-टू-व्हीकल (V2V) चार्जिंग फीचर भी दिया गया है. जिससे यूजर सिएरा से दूसरी इलेक्ट्रिक कार की बैटरी को भी चार्ज कर सकते हैं, साथ ही इलेक्ट्रॉनिक डिवाइसेज को भी पावर दे सकते हैं. ये कार 3.3kW तक की पावर केवल V2L फेसिलिटी में देती है, वहीं V2V फीचर के इस्तेमाल के दौरान यूजर को 5kW तक का पावर आउटपुट मिलता है.
फीचर्स की बात करें तो इसमें डॉल्टी एटमॉस साउंड सिस्टम, वायरलेस फोन चार्जर, पावर्ड फ्रंट सीट्स के साथ मेमोरी फंक्शन, एयर प्यूरीफायर, डुअल-जोन क्लाइमेट कंट्रोल, 360-डिग्री कैमरा, पावर्ड बूट लिड, वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स और कई अन्य प्रीमियम फीचर्स भी मिलते हैं. कंपनी का दावा है कि, इसके बेस वेरिएंट में 18 इंच के व्हील और हायर वेरिएंट में 19 इंच के अलॉय व्हील दिए गए हैं.

सेफ्टी के मामले में भी यह एसयूवी काफी मजबूत होगी. लॉन्च के वक्त कंपनी ने इसका एक क्रैश टेस्ट वीडियो दिखाया है. जिसमें एसयूवी अपने सामने खड़े एक ट्रक से टकराती है और फिर पीछे से आ रहा एक तेज रफ्तार ट्रक टक्कर मारता है. कंपनी का दावा है कि, इस क्रैश के दौरान एसयूवी में बैठे सभी पैसेंजर डमी सेफ थे. इसके अलावा कार की बैटरी में भी किसी तरह का डैमेज नहीं देखा गया और दरवाजे भी आसानी से खुले. उम्मीद है कि इसे 5-स्टार क्रैश टेस्ट रेटिंग मिलेगी.
जहां तक सेफ्टी फीचर्स की बात है तो इसमें 6 एयरबैग, ABS के साथ EBD, ब्रेक डिस्क वाइपिंग, सभी सीटों के लिए सीट बेल्ट रिमाइंडर, इलेक्ट्रिक पार्किंग ब्रेक और लेवल-2 एडवांस ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम (ADAS) जैसे सेफ्टी फीचर्स दिए जा रहे हैं.