वित्तवर्ष 2027 की शुरुआत रेनो इंडिया के लिए बेहतरीन रही है. लंबे समय से भारतीय बाजार में जूझ रही इस कंपनी की ग्रोथ अप्रैल 2026 में जबरदस्त रही है. पिछले साल के मुकाबले इस साल अप्रैल में कंपनी की सेल दोगुनी हो गई है. कंपनी की ग्रोथ 108.03 परसेंट हुई है. ब्रांड ने अप्रैल 2026 में 5,413 कारें बेची हैं.
वहीं पिछले साल अप्रैल यानी 2025 अप्रैल में कंपनी ने 2,602 यूनिट्स को बेचा था. यानी इस साल अप्रैल में कंपनी ने 2811 यूनिट्स ज्यादा बेची हैं. रेनो की सेल पिछले महीने के मुकाबले भी अच्छी है. कंपनी ने मंथ-ऑन-मंथ 7.27 परसेंट की ग्रोथ हासिल की है.
मार्च महीने में कंपनी ने 5,046 यूनिट्स को बेचा था. अप्रैल में कंपनी ने 367 यूनिट्स ज्यादा बेची हैं. कंपनी की बेहतर सेल की वजह रेनो डस्टर है. ब्रांड ने इस साल ही न्यू रेनो डस्टर को लॉन्च किया है, जो मल्टीपल पावरट्रेन में आती है. हालांकि, ब्रांड ने अभी मॉडल के आधार पर सेल नंबर्स को जारी नहीं किया है.
पिछले एक साल में कंपनी ने अपनी ट्राइबर, काइगर को अपडेट किया है, जबकि नई डस्टर को भारतीय बाजार में लॉन्च किया है. न्यू जनरेशन रेनो ट्राइबर को नई काइगर के साथ कंपनी ने पिछले साल सितंबर में लॉन्च किया था. हालांकि, इसका कंपनी को ज्यादा फायदा नहीं मिला है.
यह भी पढ़ें: 5.8 लाख में 7 सीटर कार, नई Renault Triber लॉन्च, बटन दबाते ही फोल्ड होगी सीट
रेनो डस्टर की डिलीवरी अप्रैल के अंत में शुरू हुई है. यानी आने वाले महीनों में हमें कंपनी की स्थिति और बेहतर होती नजर आ सकती है. रेनो ने बेहतर सेल के लिए अपने सेल्स नेटवर्क को एक्सपैंड भी किया है. साथ ही ब्रांड ने रांची में अपनी वर्कशॉप को भी खोला है.
फ्रेंच कंपनी ने रेनो डस्टर को मार्च 2026 में लॉन्च किया है. इसकी डिलीवरी 14 अप्रैल 2026 से शुरू हुई है. इस कार की कीमत 10.49 लाख रुपये से शुरू होती हैं और 18.49 लाख रुपये एक्स शोरूम तक जाती हैं. कंपनी स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड वेरिएंट को इस साल के अंत तक लॉन्च करेगा.
यह भी पढ़ें: Mini Duster से उठा पर्दा... भारत में जल्द लॉन्च होगी Renault Bridger
डस्टर 5 ट्रिम- ऑथेंटिक, इवोल्यूशन, टेक्नो, टेक्नो प्लस और आइकॉनिक में आती है. कार में 1.0 लीटर का टर्बो पेट्रोल इंजन मिलता है, जो 99 एचपी की पावर ऑफर करता है. इसके अलावा 1.3 लीटर का टर्बो पेट्रोल इंजन मिलता है, जो 161 एचपी की पावर ऑफर करता है. कार में 6 स्पीड मैन्युअल और डीसीटी ऑटोमेटिक ट्रांसमिशन मिलता है.