'मैं ही टारगेट था', व्हाइट हाउस शूटिंग पर डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा बयान, बोले- ये पहली बार नहीं है!

व्हाइट हाउस में डिनर के दौरान गोलीबारी की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने आशंका जताई है कि हमलावर का निशाना वही थे. इस घटना के बाद सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और FBI की आतंकवाद-रोधी इकाई जांच में जुटी है.

Advertisement
व्हाइट हाउस में हमले के दौरान मेज के पीछे छिप गए थे ट्रंप (Photo: AP) व्हाइट हाउस में हमले के दौरान मेज के पीछे छिप गए थे ट्रंप (Photo: AP)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 26 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 6:06 PM IST

अमेरिका में हाई-प्रोफाइल कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा में बड़ी चूक सामने आई है. यहां व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स एसोसिएशन के सालाना डिनर के दौरान एक बंदूकधारी ने गोलीबारी कर दिया. इस गोलीबारी में एक अधिकारी घायल हो गया, जिसके बाद कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है.

इस कार्यक्रम में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप समेत कई बड़ी हस्तियां मौजूद थीं. हमले के बाद ट्रंप ने कहा कि हमलावर का मुख्य निशाना वो ही हो सकते हैं. उन्होंने कहा, ''एक व्यक्ति कई हथियारों से लैस होकर सुरक्षा चौकी पर हमला करने के लिए आगे बढ़ा, लेकिन सीक्रेट सर्विस ने उसे काबू कर लिया.''

Advertisement

ट्रंप ने बताया कि संदिग्ध कैलिफोर्निया का रहने वाला है. उन्होंने कहा कि शुरुआती तौर पर इसे लोन वुल्फ एक्टर के तौर पर देखा जा रहा है, हालांकि जांच अभी जारी है. उन्होंने कहा कि उन्हें और फर्स्ट लेडी को बहुत फुर्ती के साथ मंच से हटा लिया गया. सुरक्षा बलों ने उनको चारों ओर से घेर लिया था.

अमेरिकी राष्ट्रपति ने बताया कि उपराष्ट्रपति जेडी वैंस और अन्य अधिकारी भी कार्यक्रम में मौजूद थे. उन्हें भी सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया था. उन्होंने सीक्रेट सर्विस और सुरक्षा बलों की त्वरित कार्रवाई की तारीफ करते हुए उसे बेहद शानदार बताया. उनकी सक्रियता ने हमला नाकाम कर दिया.

इसके साथ उन्होंने अमेरिकियों से अपील की कि वे अपने आपसी मतभेदों को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाएं. राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा, ''आज शाम की घटनाओं को देखते हुए मैं अमेरीका के लोगों से आग्रह करता हूं कि वे पूरे दिल से यह संकल्प लें कि हम अपने मतभेदों को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाएंगे.''

Advertisement

बताते चले कि शनिवार रात को व्हाइट हाउस में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जोरदार धमाकों जैसी आवाजें सुनाई दीं. राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और मेलानिया ट्रंप को तुरंत कार्यक्रम स्थल से बाहर निकाल लिया गया. इन आवाजों से घबराकर सैकड़ों मेहमान मेजों के नीचे छिप गए. लोगों के चीखने की आवाज आने लगी.

उसी समय हथियारों से लैस सीक्रेट सर्विस के एजेंट डाइनिंग एरिया में तेजी से घुस आए. इस दौरान हमलावर ने सीक्रेट सर्विस के एक एजेंट पर गोली भी चलाई, जिससे कार्यक्रम में भारी दहशत फैल गई. हमलावर के पास शॉटगन समेत कई हथियार थे. उसने मुख्य स्क्रीनिंग एरिया के पास सुरक्षा घेरा तोड़ने की कोशिश की थी. 

FBI के एक अधिकारी ने बताया कि संदिग्ध ने एजेंट पर गोली चलाई, लेकिन वह बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी, जिससे उसकी जान बच गई. ट्रंप ने भी पुष्टि की है कि एक अधिकारी को गोली लगी थी, लेकिन बुलेटप्रूफ जैकेट की वजह से वह पूरी तरह से ठीक है. इस घटना ने साल 2024 में ट्रंप पर हमले की याद दिला दी.

जुलाई 2024 में पेंसिल्वेनिया के बटलर में एक रैली के दौरान उन्हें कान के ऊपरी हिस्से में गोली लगी थी. उस घटना में सुरक्षाकर्मियों ने हमलावर को मार गिराया था. ट्रंप ने पाम बीच, फ्लोरिडा में मिली पिछली धमकियों का भी जिक्र करते हुए कहा कि यह पहली बार नहीं है जब उन्हें निशाना बनाने की कोशिश की गई हो.

Advertisement

कार्यवाहक अमेरिकी अटॉर्नी जनरल टॉड ब्लैंच ने कहा कि इस घटना की जांच जारी है. FBI की आतंकवाद-रोधी इकाई इस जांच का नेतृत्व कर रही है. जांच एजेंसियां घटनास्थल से बरामद हथियारों की भी जांच कर रही हैं. इसके साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों और गवाहों के बयान भी लिए जा रहे हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement