अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने इजरायल सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं. द वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के मुताबिक, वेंस ने कहा है कि इजरायली सिस्टम के कुछ लोग अमेरिकी जनता की राय को बदलने की कोशिश कर रहे हैं ताकि ईरान के साथ जंग लंबे समय तक चलती रहे.
उन्होंने यह भी कहा कि कुछ लोग ईरान के साथ हुई शांति वार्ता को बिगाड़ने में लगे हैं. वेंस ने इजरायल की तरफ से अमेरिकी सलाहकार ब्रैड पार्सकेल को हायर किए जाने पर भी तीखी प्रतिक्रिया दी है.
जो रोगन के साथ एक इंटरव्यू में वेंस ने कहा कि इजरायली सिस्टम के अंदर कुछ लोग जंग को हमेशा के लिए जारी रखना चाहते हैं और इसके लिए वे अमेरिकी जनता की सोच को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे हैं.
वेंस ने आरोप लगाया कि एक विदेशी प्रभाव अभियान उनकी मदद से हुई सीजफायर बातचीत को पटरी से उतारने की कोशिश में लगा है. उनका कहना है कि उन्हें ऑनलाइन निशाना बनाने वाले कुछ लोग इसी अभियान से जुड़े हो सकते हैं.
यह भी पढ़ें: ब्रिटेन ने IRGC को बताया 'सुरक्षा के लिए खतरा', ईरान ने दी चेतावनी... होर्मुज पर टेंशन
वेंस ने उन खबरों का भी जिक्र किया जिनमें कहा गया था कि इजरायल ने राजनीतिक सलाहकार ब्रैड पार्सकेल को 45 मिलियन डॉलर के लॉबिंग कॉन्ट्रैक्ट पर काम पर रखा है. इस पर वेंस ने कड़े शब्दों में जवाब दिया कि वे अमेरिकी लोगों के लिए काम करेंगे और सबसे पहले अमेरिका का प्रतिनिधित्व करते हैं.
दूसरी तरफ ब्रैड पार्सकेल ने इन सभी आरोपों को खारिज कर दिया है. उनका कहना है कि ट्रंप प्रशासन या सीजफायर प्रयासों के खिलाफ काम करने का कोई सबूत नहीं है.
वेंस ने इजरायली नेताओं की भी आलोचना की और कहा कि वे ईरान के खिलाफ सैन्य अभियान को लंबे समय तक जारी रखना चाहते हैं. रिपोर्ट के मुताबिक वेंस के इन बयानों से साफ पता चलता है कि ट्रंप प्रशासन और इजरायल सरकार के बीच ईरान संघर्ष और सीजफायर बातचीत को लेकर तनाव बढ़ता जा रहा है.
aajtak.in