अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने सोमवार को ईरान और अमेरिका के बीच समझौते को लेकर उम्मीद जताई है. अगर दोनों देशों के बीच समझौता हो जाता है तो ट्रंप को ईरान पर दोबारा हमला करने से रोका जा सकता है.
जेडी वेंस ने पिछले हफ्ते ईरान के सुरक्षा प्रमुख मोहसेन रेजाई को एक पत्र भेजा था. हालांकि, व्हाइट हाउस ने इस पत्र को लेकर ज्यादा जानकारी नहीं दी. ट्रंप ने पत्रकारों से कहा था कि इस पत्र का मकसद ईरान को मेडिकल सामान और दूसरी जरूरी चीजें उपलब्ध कराना है.
वहीं, सोमवार को उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने साफ कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच समझौता होने की उम्मीद है. जब उनसे पत्र के बारे में पूछा गया तो उन्होंने बस यही कहा कि ईरान के साथ कई अच्छी बातचीत हुई है. उन्होंने बताया कि करीब एक घंटे पहले ही इस मुद्दे पर उनकी राष्ट्रपति ट्रंप से बात हुई थी. वेंस के मुताबिक, ट्रंप और उन्हें लगता है कि बातचीत के जरिए समझौता हो जाएगा.
यह भी पढ़ें: क्या इसी हफ्ते ईरान पर हमला करेंगे ट्रंप? 5 बड़े संकेतों से बढ़ी हलचल
अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस का यह बयान ऐसे समय में आया है जब पूरे मध्य पूर्व में इस बात को लेकर तनाव है कि अमेरिका ईरान पर फिर से बड़ा सैन्य हमला कर सकता है. इस बीच इजरायल और मध्य पूर्व के कुछ सहयोगी देश ट्रंप पर हमले का दबाव बना रहे हैं. यह दबाव पिछले आठ महीनों से जारी युद्ध को लेकर है.
इस युद्ध से वैश्विक बाजारों पर असर पड़ा है. हालांकि, मध्यावधि चुनाव के कारण ट्रंप फिलहाल ईरान पर हमला करने से परहेज कर रहे हैं. वे नहीं चाहते थे कि मध्यावधि चुनाव के लिए मतदान से पहले तेल की कीमतों में उछाल आए. हालांकि, इजरायल हमले पर जोर दे रहा है. ऐसे में, अगर दोनों देशों के बीच समझौता हो जाता है तो यह हमला रुक सकता है.
aajtak.in