राजस्थान के जयपुर में पेट्रोल पंपों को निशाना बनाने वाले एक ऐसे गिरोह का खुलासा हुआ है, जो गाड़ी की टंकी फुल करवाकर बिना पैसे दिए ही रफुचक्कर हो जाता था. आरोपियों की यह करतूत पेट्रोल पंप पर लगे CCTV कैमरे में कैद हुई है. लगातार हो रही इन घटनाओं ने पेट्रोल पंप कर्मचारियों में डर का माहौल था. लेकिन जयपुर पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए इस गिरोह के दो आरोपियों को सीकर से गिरफ्तार किया है.
आरोपियों की पहचान अंकित वर्मा और विशाल मेहरा के रूप में हुई है. पुलिस की जांच में पता चला कि आरोपी रात के अंधेरे में घरों में बाहर खड़ी गाड़ियों को निशाना बनाते थे. उन गाड़ियों की नंबर प्लेट चोरी करते थे. इसके बाद इन नंबर प्लेटों को अपनी अलग-अलग गाड़ियों पर लगाकर वे पेट्रोल पंप पहुंचते थे. वहां जाकर ये टैंक फुल कराते और पैसे देने का नाटक करके गाड़ी लेकर फरार हो जाते थे. चोरी की नंबर प्लेट लगाने की वजह से उनकी पहचान करना मुश्किल हो जाता था.
जयपुर के 20 से ज्यादा इलाकों में की ठगी
पश्चिम डीसीपी प्रशांत किरण ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में आरोपियों ने जयपुर के 20 से ज्यादा इलाकों में ऐसी वारदात को अंजाम देने की बात कबूली है. आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे मौज-मस्ती के लिए पेट्रोल-डीजल भरवाते और फिर बिना पैसे दिए वहां से भाग जाते थे.
यह भी पढ़ें: लखनऊ में साइबर ठगी के नेटवर्क का खुलासा! 4 अपार्टमेंट में छापे, 6 सिम बॉक्स समेत भारी सामान बरामद
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनकी दो गाड़ियां भी जब्त की हैं. पेट्रोल पंपों के CCTV फुटेज में भी उनका यह कारनामा नजर आ रहा है. अब पुलिस उनके तीसरे साथी की तलाश कर रही है. साथ ही, पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है इनके साथ इन वारदातों में और कितने लोग शामिल थे. मामले में पुलिस तीसरे आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है.