अमेरिका में होने वाले मिडटर्म चुनाव पर पूरी दुनिया की नजरें टिकी हैं. यह चुनाव सिर्फ अमेरिकी संसद में बहुमत तय करने तक सीमित नहीं है, बल्कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की लोकप्रियता और उनकी नीतियों का भी बड़ा इम्तिहान माना जा रहा है. टैरिफ से लेकर महंगाई, रोजगार, आव्रजन और विदेश नीति तक, कई मुद्दे मतदाताओं के फैसले को प्रभावित कर सकते हैं.
इन चुनावों में राष्ट्रपति का चुनाव नहीं होता, बल्कि मिडटर्म पर दोनो सदनो के चुनाव होगें, लेकिन कांग्रेस के दोनों सदनों में रिपब्लिकन और डेमोक्रेटिक पार्टी के बीच मुकाबला ट्रंप के राजनीतिक भविष्य की दिशा तय कर सकता है. अगर रिपब्लिकन पार्टी अपना बहुमत बरकरार रखती है, तो ट्रंप को अपने एजेंडे पर आगे बढ़ने में आसानी होगी. वहीं, डेमोक्रेट्स की जीत से सरकार की नीतियों पर निगरानी और राजनीतिक टकराव बढ़ सकता है.
आखिर इन चुनावों में ट्रंप के सामने सबसे बड़ी चुनौतियां क्या हैं और किस पार्टी की स्थिति मजबूत है? आइए, 10 सवालों में समझते हैं पूरा सियासी गणित.
1. मिडटर्म चुनाव क्या हैं और कब होंगे?
अमेरिका में राष्ट्रपति का चुनाव हर चार साल में होता है. राष्ट्रपति चुनाव के बीच, यानी कार्यकाल के लगभग दो साल बाद होने वाले कांग्रेस चुनाव को मिडटर्म इलेक्शन कहा जाता है. इस बार मतदान 3 नवंबर 2026 को निर्धारित है. इसमें अमेरिकी संसद के सदस्यों को चुना जाएगा, राष्ट्रपति को नहीं.
2. किन पदों और कितनी सीटों पर होगा चुनाव?
अमेरिकी कांग्रेस जैसे (संसद) के दो सदन हैं. पहला हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स जैसे (लोकसभा), जिसकी सभी 435 सीटों पर चुनाव होगा. दूसरा सीनेट जैसे (राज्यसभा), जिसकी कुल 100 सीटों में से 35 पर मतदान निर्धारित है. इनमें 33 नियमित और दो विशेष चुनाव शामिल हैं. हाउस के सदस्य दो साल और सीनेटर छह साल के लिए चुने जाते हैं. इसके अलावा कई राज्यों में गवर्नर और राज्य विधानमंडलों के चुनाव भी होंगे.
3. सीनेट की 35 सीटों में किस पार्टी की कितनी सीटें दांव पर हैं?
अमेरिकी सीनेट में रिपब्लिकन पार्टी के 53 सदस्य हैं, जबकि डेमोक्रेटिक कॉकस में 45 डेमोक्रेट और उनके साथ मतदान करने वाले दो निर्दलीय सदस्य शामिल हैं. इस तरह डेमोक्रेटिक कॉकस की कुल संख्या 47 है. सीनेट में नियंत्रण हासिल करने के लिए डेमोक्रेट्स को चार सीटों का शुद्ध फायदा लेकर 51 सीटों तक पहुंचना होगा.
4. मतदाता वोट कैसे देते हैं और उम्मीदवार कैसे जीतते हैं?
हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स के चुनाव में मतदाता अपने निर्वाचन क्षेत्र के उम्मीदवार को वोट देते हैं. सीनेट के चुनाव में संबंधित राज्य के मतदाता अपने उम्मीदवार चुनते हैं. रिपब्लिकन और डेमोक्रेटिक पार्टियों के अलावा निर्दलीय और अन्य दलों के उम्मीदवार भी मैदान में उतर सकते हैं. ज्यादातर चुनावों में सबसे अधिक वोट पाने वाला उम्मीदवार जीतता है.
हालांकि, कुछ राज्यों में अलग नियम हैं. उदाहरण के लिए, जॉर्जिया में किसी उम्मीदवार को जरूरी बहुमत नहीं मिलने पर शीर्ष दो उम्मीदवारों के बीच दोबारा मतदान हो सकता है.
5. ट्रंप के लिए मिडटर्म चुनाव क्यों अहम हैं?
इन चुनावों में राष्ट्रपति का पद दांव पर नहीं है, लेकिन ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी की संसदीय ताकत जरूर दांव पर है. यदि रिपब्लिकन दोनों सदनों में बहुमत बनाए रखते हैं, तो ट्रंप को अपने प्रस्तावित कानूनों और नीतियों को आगे बढ़ाने में मदद मिल सकती है. अगर डेमोक्रेट्स किसी एक सदन या दोनों में बहुमत हासिल कर लेते हैं, तो कानून बनाने की प्रक्रिया में उनकी भूमिका बढ़ जाएगी.
वे सरकारी नीतियों की जांच और निगरानी भी तेज कर सकते हैं. इसलिए चुनाव के नतीजे ट्रंप के कार्यकाल के अगले दो वर्षों की राजनीतिक दिशा को प्रभावित करेंगे.
यह भी पढ़ें: ट्रंप ने मिडटर्म चुनाव से पहले खेला बड़ा दांव, ट्रुथ सोशल से व्हाइट हाउस तक पहुंचीं केटी जकारिया
6. मतदाताओं के लिए सबसे बड़े चुनावी मुद्दे क्या हैं?
प्यू रिसर्च सेंटर के 28 सितंबर से 4 अक्टूबर 2026 के बीच हुए सर्वे में 84% पंजीकृत मतदाताओं ने अर्थव्यवस्था को अपने वोट के लिए बहुत महत्वपूर्ण बताया. लोकतंत्र का भविष्य 73%, स्वास्थ्य सेवाएं 68%, शिक्षा 62%, आव्रजन 59% और विदेश नीति 57% मतदाताओं के लिए बहुत महत्वपूर्ण मुद्दे रहे. इन आंकड़ों से पता चलता है कि चुनाव में केवल राष्ट्रपति की लोकप्रियता ही नहीं, बल्कि महंगाई, स्वास्थ्य, शिक्षा और देश की दिशा जैसे मुद्दे भी अहम हैं.
7. महंगाई और टैरिफ ट्रंप के लिए चुनौती क्यों हैं?
महंगाई अमेरिकी मतदाताओं की प्रमुख चिंताओं में शामिल है. एक सर्वे के मुताबिक 78% उत्तरदाताओं ने बढ़ती कीमतों के लिए ट्रंप की नीतियों को कम से कम कुछ हद तक जिम्मेदार माना. टैरिफ यानी आयातित सामान पर लगाए जाने वाले शुल्क और ईरान संघर्ष से जुड़ी ऊर्जा लागत भी चर्चा में हैं. हालांकि, सर्वे लोगों की राय बताता है. इससे यह साबित नहीं होता कि महंगाई का पूरा कारण केवल टैरिफ या सरकार की नीतियां हैं.
8. ईरान संघर्ष चुनाव को कैसे प्रभावित कर सकता है?
ईरान संघर्ष अमेरिका की विदेश नीति के साथ-साथ अर्थव्यवस्था और ऊर्जा कीमतों से भी जुड़ा मुद्दा बन गया है. तेल और पेट्रोल की कीमतें बढ़ने पर आम परिवारों के खर्च पर असर पड़ सकता है. प्यू रिसर्च सेंटर के सर्वे में 57% पंजीकृत मतदाताओं ने विदेश नीति को अपने वोट के लिए बहुत महत्वपूर्ण बताया. ऐसे में मतदाता ट्रंप प्रशासन के विदेश नीति संबंधी फैसलों और उनके आर्थिक प्रभावों को ध्यान में रख सकते हैं.
हालांकि, ईरान संघर्ष का चुनावी नतीजों पर कितना असर पड़ेगा, यह अभी निश्चित रूप से नहीं कहा जा सकता.
9. भारतीय मूल के अमेरिकी मतदाताओं की क्या भूमिका हो सकती है?
भारतीय मूल के अमेरिकी नागरिक भी कई चुनावी क्षेत्रों में महत्वपूर्ण मतदाता समूह हैं. कार्नेगी एंडोमेंट की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका में भारतीय मूल के लोगों की आबादी लगभग 52 लाख थी. 2022 के आंकड़ों के आधार पर 2024 में लगभग 26 लाख भारतीय-अमेरिकियों के मतदान के पात्र होने का अनुमान लगाया गया था.
भारतीय-अमेरिकी मतदाता भी एक जैसे विचार नहीं रखते. उनकी प्राथमिकताएं अर्थव्यवस्था, रोजगार, आव्रजन, स्वास्थ्य और विदेश नीति जैसे मुद्दों के आधार पर अलग-अलग हो सकती हैं. इसलिए किसी खास राज्य या सीट पर उनके प्रभाव का आकलन स्थानीय मुकाबले और मतदान के आंकड़ों के आधार पर ही किया जाना चाहिए.
10. चुनाव से पहले के सर्वे क्या संकेत दे रहे हैं?
प्यू रिसर्च सेंटर के एक सर्वे के अनुसार, ट्रंप की अप्रूवल रेटिंग 30% थी, जबकि 68% लोगों ने उनके कामकाज को अस्वीकार किया. प्रतिनिधि सभा के चुनाव के लिए 44% पंजीकृत मतदाताओं ने डेमोक्रेटिक उम्मीदवारों और 36% ने रिपब्लिकन उम्मीदवारों का समर्थन करने की बात कही. यानी राष्ट्रीय स्तर पर डेमोक्रेट्स को आठ प्रतिशत अंकों की बढ़त दर्ज हुई.
यह भी पढ़ें: अमेरिका में मिड-टर्म चुनाव के मतदान शुरू, नवंबर में तय होगा ट्रंप का भविष्य
अमेरिका के 2026 मिडटर्म चुनाव में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का पद नहीं, बल्कि कांग्रेस में उनकी पार्टी का बहुमत और नीतियों को आगे बढ़ाने की क्षमता दांव पर है. महंगाई, टैरिफ, ईरान संघर्ष और मतदाताओं की प्राथमिकताएं चुनावी नतीजों को प्रभावित कर सकती हैं. सर्वेक्षण मौजूदा जनमत की तस्वीर दिखाते हैं, लेकिन वे अंतिम परिणाम की गारंटी नहीं देते. 3 नवंबर को होने वाले मतदान के बाद ही स्पष्ट होगा कि अमेरिकी कांग्रेस में किस पार्टी को बहुमत मिलता है?
aajtak.in