सीजफायर बढ़ाकर ट्रंप ने चला नया दांव, ईरान के खिलाफ चलाया आर्थिक हथियार

ईरानी बंदरगाहों की नौसैनिक नाकेबंदी जारी रखते हुए ट्रंप ईरान को खार्ग आइलैंड पर अपने तेल उत्पादन को बंद करने के लिए मजबूर करना चाहते हैं, जिससे उसकी मुख्य आय पर सीधा असर पड़ेगा. ईरान के लिए यह नुकसान काफी बड़ा हो सकता है.

Advertisement
ट्रंप ने ईरान को लेकर चल दिया ट्रंप कार्ड. (Photo: Reuters) ट्रंप ने ईरान को लेकर चल दिया ट्रंप कार्ड. (Photo: Reuters)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 22 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 7:17 PM IST

अमेरिका का ऑपरेशन एपिक फ्यूरी अब इकोनॉमिक फ्यूरी में तब्दील होता नजर आ रहा है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से ईरान के साथ युद्धविराम बढ़ाने को जहां तनाव कम करने के कदम के रूप में देखा गया. वहीं कुछ ही देर बाद अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट की एक पोस्ट ने इस फैसले के पीछे की असली वजह साफ कर दी.

Advertisement

ईरानी बंदरगाहों की नाकेबंदी जारी रखते हुए ट्रंप ईरान को खार्ग आइलैंड पर अपने तेल उत्पादन को बंद करने के लिए मजबूर करना चाहते हैं, जिससे उसकी मुख्य आय पर सीधा असर पड़ेगा. ईरान के लिए यह नुकसान काफी बड़ा हो सकता है.

यह कदम दिखाता है कि ईरान पर दबाव बनाने के लिए ट्रंप की रणनीति बदल रही है और यह सिर्फ TACO (Trump Always Chickens Out) वाला मामला नहीं है. ट्रंप की टीम जानती है कि एक महीने की बमबारी और धमकियों से ईरान को नहीं रोका जा सका इसलिए बहुत सारे बम गिराने की चेतावनी देने के बावजूद उन्होंने युद्धविराम बढ़ाया लेकिन नाकेबंदी नहीं हटाई.

ईरान ने स्पष्ट रूप से कहा था कि पाकिस्तान में नई वार्ता से पहले नाकेबंदी हटाई जानी चाहिए, जहां पाकिस्तान मध्यस्थता की कोशिश कर रहा है. अमेरिका यह भी जानता है कि ईरानी नेतृत्व के भीतर मतभेद हैं. ट्रंप ने मंगलवार को पहली बार स्वीकार किया कि ईरानी सरकार गंभीर रूप से विभाजित है. माना जाता है कि पर्दे के पीछे रिवोल्यूशनरी गार्ड के कमांडर अहमद वाहिदी प्रभावी भूमिका निभा रहे हैं. ऐसे में अमेरिका के लिए ईरान को कमजोर करने का सबसे प्रभावी तरीका उसके तेल उत्पादन को स्थायी रूप से नुकसान पहुंचाना है, जो उसकी आर्थिक लाइफलाइन है.

Advertisement

ट्रंप ने युद्धविराम क्यों बढ़ाया

इस रणनीति को अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट के एक पोस्ट में स्पष्ट किया गया है. होर्मूज की नाकेबंदी ने ईरानी तेल जहाजों की आवाजाही रोक दी है. अगर ईरान तेल निर्यात नहीं कर पाता, तो खार्ग आइलैंड पर उसका भंडारण कुछ ही दिनों में भर जाएगा. जैसे ही स्टोरेज की जगह खत्म होगी, ईरान को उत्पादन बंद करना पड़ेगा, जो उसकी आय पर सीधा हमला होगा.

बेसेंट ने कहा कि कुछ ही दिनों में खार्ग द्वीप की स्टोरेज भर जाएगी और नाजुक ईरानी तेल कुओं को बंद करना पड़ेगा. समुद्री व्यापार पर रोक सीधे शासन की मुख्य आय पर प्रहार है. उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि जो भी व्यक्ति या जहाज इस व्यापार में मदद करेगा. उसे अमेरिकी प्रतिबंधों का सामना करना पड़ेगा यानी अब यह पूरी तरह आर्थिक युद्ध बन चुका है.

अमेरिका पहले ही 27 जहाजों को वापस लौटा चुका है. हाल ही में अमेरिकी मरीन ने ओमान की खाड़ी के पास ईरान के दो मालवाहक जहाज भी जब्त किए, जिससे तनाव और बढ़ गया. विश्लेषकों के अनुसार, ईरान के पास अतिरिक्त तेल को स्टोर करने की सीमित क्षमता है. 13 अप्रैल के अनुमान के मुताबिक, ईरान के पास जमीन पर 50–55 मिलियन बैरल तेल है, जिसमें से लगभग 60 फीसदी स्टोरेज पहले से भरी हुई है. उसके पास करीब दो करोड़ बैरल की अतिरिक्त क्षमता है जबकि रोजाना लगभग 1.5 मिलियन बैरल अतिरिक्त उत्पादन हो रहा है. 

Advertisement

तेल उत्पादन बंद होने का खतरा

अगर स्टोरेज टैंक भर गए, तो ईरान को उत्पादन रोकना पड़ेगा, जिससे उसके पुराने तेल कुओं को लंबे समय तक नुकसान हो सकता है. तेल कुएं बंद करना आसान नहीं होता. इससे दबाव कम हो जाता है, पानी अंदर जा सकता है और चट्टानों की संरचना स्थायी रूप से खराब हो सकती है. भारी कच्चा तेल जमकर पाइपलाइन को जाम कर सकता है.

ईरानी राजनीतिक विशेषज्ञ मेर जावेदान्फर के मुताबिक, जब आप तेल कुआं बंद करते हैं, तो उसका स्ट्रक्चर बदल जाता है. भारी तेल जमकर सिस्टम को ऐसे जाम कर देता है जैसे शरीर में खून का थक्का. पुराने कुओं में यह नुकसान स्थायी हो सकता है. एक बार कुआं बंद हो गया, तो उसे दोबारा शुरू करना बहुत मुश्किल होता है और उत्पादन पहले जैसा नहीं रहता.

हालांकि, अमेरिकी प्रतिबंधों और युद्ध के दौरान भी ईरानी तेल शैडो फ्लीट के जरिए बाहर जाता रहा है, लेकिन यह सीमित है और स्टोरेज के दबाव को कम नहीं कर पाता. इस तरह, तेल उत्पादन को मजबूरन बंद कराकर ट्रंप ईरान की अर्थव्यवस्था को कमजोर करना चाहते हैं, ताकि वह अमेरिकी शर्तें मानने पर मजबूर हो जाए. यह किसी भी सैन्य कार्रवाई से ज्यादा स्थायी नुकसान पहुंचा सकता है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement