बैंकॉक पब अग्निकांड: गोवा की तरह स्टेज से शुरू हुई थी आग, लखनऊ की तरह पीछे के बाथरूम में छिपे अधिकांश लोगों की मौत

थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में सोमवार तड़के न लाडप्राओ पब में लगी भीषण आग ने एक बार फिर गोवा और लखनऊ अग्निकांड की याद दिला दी है, जहां आग की लपटों की चपेट ने आने से कई लोगों की मौत हो गई थी.

Advertisement
बैंकॉक पब अग्निकांड में 27 लोगों की मौत. (photo: ITG) बैंकॉक पब अग्निकांड में 27 लोगों की मौत. (photo: ITG)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 13 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 10:36 AM IST

बैंकॉक पब अग्निकांड की कहानी ठीक वैसी ही है, जैसी गोवा और लखनऊ अग्निकांड की थी. गोवा के क्लब अग्निकांड की तरह यहां (बैंकॉक पब) भी आग स्टेज के पास सर्किट ब्रेकर से शुरू हुई और देखते ही देखते तेजी से पूरे पब में फैल गई, जिससे लोगों को पब से बाहर निकलने का मौका नहीं मिला. वहीं, लखनऊ के कोचिंग सेंटर अग्निकांड की तरह कई लोग जान बचाने के लिए पब के पिछले हिस्से में बने रेस्टरूम में छिप गए, लेकिन धुएं ने वहां भी उन्हें नहीं बख्शा. इस अग्निकांड में 27 लोगों की मौत हो गई है. प्रधानमंत्री अनुतिन चर्नविराकुल ने खुद घटनास्थल पर पहुंचकर ये जानकारी दी.

अग्निकांड की जानकारी मिलने का बाद मौके पर पहुंचे प्रधानमंत्री अनुतिन चार्नविराकुल को पब में मौजूद चश्मदीद संगीतकार ने बताया कि  उसने स्टेज के पास लगे एक सर्किट ब्रेकर से अचानक धुआं निकलते देखा था. इसके तुरंत बाद पब की पूरी बिजली गुल हो गई और वहां एक जोरदार धमाका सुनाई दिया. धमाके के साथ ही पब के अंदर तेजी से काला धुआं भर गया, जिससे लोगों को भागने का मौका नहीं मिला. बचावकर्मियों द्वारा ऑनलाइन साझा किए गए वीडियो में लोग जान बचाने के लिए पब के मेन गेट से भागते नजर आ रहे हैं.

Advertisement

रेस्टरूम में भी मिले शव

प्रधानमंत्री अनुतिन चार्नविराकुल ने मीडिया को बताया कि पब में लगी आग इतनी भीषण थी कि कई पीड़ितों को बाहर निकलने का रास्ता नहीं मिला और उनके शव रेस्टरूम तथा पब के पिछले हिस्से में पाए गए हैं. दमकलकर्मियों को आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाने में करीब आधे घंटे का वक्त लगा. हादसे के बाद सामने आई तस्वीरों में पब का पूरा अंदरूनी हिस्सा क्षतिग्रस्त हो चुका है और वहां केवल जली हुई मेज-कुर्सियां ही नजर आ रही हैं.

गोवा अग्निकांड में 25 लोगों की मौत

गोवा में पिछले साल दिसंबर में अर्पोरा स्थित बर्च बाय रेमियो लेन नाम के एक नाइटक्लब में भीषण आग लग गई. नाइटक्लब में आग डांस पार्टी के दौरान लगी थी जो मुख्य रूप से स्टेज/किचन एरिया या इलेक्ट्रिकल फायरवर्क्स से शुरू हुई थी. आग तेजी से फैली और धुएं के कारण कई लोग फंस गए. इस अग्निकांड में 25 लोगों की मौत हो गई, जिनमें क्लब के स्टाफ और कुछ पर्यटक शामिल थे. जांच में सामने आया कि कई मौतें दमघुटने से हुईं थी. क्लब में सुरक्षा मानकों के उल्लंघन और एग्जिट गेट्स की कमी को लेकर भी सवाल उठे थे.

Advertisement

लखनऊ में 15 की मौत

वहीं, पिछले महीने लखनऊ के अलीगंज इलाके में एक कोचिंग सेंटर (एनिमेशन स्टूडियो) की बिल्डिंग में भीषण आग लगई. आग फैलने पर छात्र धुएं से बचने के लिए बिल्डिंग के पिछले हिस्से में बाथरूम और कमरों में छिप गए और कुछ ने खिड़कियों से कूदने की कोशिश भी की. इस अग्निकांड में 15 छात्रों की मौत हो गई, जिनमें अधिकांश की उम्र 16-21 वर्ष थी. कई छात्र बाथरूम में दमघुटने से बेहोश हो गए, जिससे उनकी मौत हो गई.

आपको बता दें कि थाईलैंड के नाइटक्लबों और पबों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी के चलते पहले भी ऐसी कई बड़ी त्रासदियां हो चुकी हैं. साल 2022 में देश के पूर्वी हिस्से में स्थित एक म्यूजिक पब में लगी आग के कारण 14 लोगों की मौत हो गई थी. इससे पहले एक जनवरी 2009 में बैंकॉक के सांतिका नाइटक्लब में नए साल के जश्न के दौरान इनडोर आतिशबाजी से आग लग गई थी. इस अग्निकांड में 66 लोगों की मौत हो गई और 200 से ज्यादा लोग घायल हो गए थे.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »