सऊदी अरब में जारी हूती हमलों के बीच भारतीय दूतावास ने रविवार को अपने नागरिकों से सऊदी अधिकारियों द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने के निर्देश दिए हैं. लोगों से संयम बरतने, आधिकारिक निर्देशों का पालन करने और किसी सुरक्षित जगह पर जाने की अपील की गई है.
सऊदी अरब में भारतीय दूतावास ने वहां रह रहे भारतीय नागरिकों से स्थानीय अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की है. दूतावास ने सोशल मीडिया पर जारी संदेश में कहा है कि भारतीय नागरिक खतरा टलने तक खिलड़कियों से दूर किसी अंदरूनी कमरे में रहें.
भारतीय दूतावास ने लोगों को सलाह दी है कि जब तक खतरा न टल जाए तब तक घरों से बाहर न निकलें. लोगों को खुली जगहों, खिड़कियों और कांच से दूर रहने का निर्देश दिया गया है. साथ ही, बालकनी या छत पर न खड़े रहने की भी सलाह दी गई है. दूतावास ने कहा है कि जो लोग बाहर हैं, वे किसी नजदीकी इमारत में चले जाएं या किसी मजबूत जगह शरण ले लें.
सऊदी में भारतीय नागरिकों के लिए सुरक्षा निर्देश जारी किए गए हैं. अगर गाड़ी चलाते समय किसी को अलर्ट मिलता है, तो उन्हें सड़क किनारे गाड़ी रोकने और पुलों व ऊंची इमारतों से दूर रहने की सलाह दी गई है. निर्देशों के मुताबिक, मक्का, मदीना, रियाद और ईस्टर्न प्रोविंस में आपात स्थिति में 911 पर कॉल किया जा सकता है. वहीं, सऊदी अरब के बाकी इलाकों के लिए आपातकालीन नंबर 998 है.
यह भी पढ़ें: यमन में सऊदी स्ट्राइक में 3 बच्चों की मौत, हूतियों का 124 लोगों के मारे जाने का दावा
भारतीय नागरिकों से कहा गया है कि वे आधिकारिक माध्यमों से जारी निर्देशों का पालन करें. ये निर्देश ऐसे समय में आए हैं, जब यमन के हूती विद्रोहियों के ड्रोन और मिसाइल हमलों के कारण सऊदी अरब में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ी है. 10 अक्टूबर को रियाद के किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हमला हुआ था, जिसमें एक भारतीय नागरिक की भी मौत हो गई थी.
बता दें, मौजूदा हालात देखते हुए एअर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने जेद्दा, रियाद और दम्माम के लिए 24 अक्टूबर तक अपनी सभी उड़ानें अस्थायी रूप से रद्द कर दी हैं.
aajtak.in