सऊदी अरब के अल-खर्ज में रविवार शाम मिसाइल गिरने से दो लोगों के मौत की खबर आई थी. बताया गया था कि मरने वालों में एक भारतीय भी शामिल है. लेकिन अब रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने पुष्टि की है कि इस हादसे में किसी भी भारतीय नागरिक की मौत नहीं हुई है. हालांकि एक भारतीय के घायल होने की खबर है.
अल-खर्ज में मौजूदा हालात को देखते हुए भारतीय दूतावास अपनी पैनी नजर रख रहा है. दूतावास ने बताया कि इस मामले को लेकर सऊदी अरब के संबंधित अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में बना हुआ है.
भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, 'ये राहत की बात है कि कल शाम अल-खर्ज में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना में किसी भी भारतीय की जान नहीं गई है.'
घायल भारतीय से मिले काउंसलर
हादसे की सूचना मिलते ही भारतीय काउंसलर (सीडब्ल्यू) श्री वाई. साबिर ने कल रात ही अल-खर्ज का दौरा किया. उन्होंने वहां जाकर इस घटना में घायल हुए भारतीय नागरिक से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य का हाल जाना. दूतावास के मुताबिक, 'काउंसलर (सीडब्ल्यू) वाई. साबिर ने कल रात अल-खर्ज का दौरा किया और इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में शामिल घायल भारतीय नागरिक से मुलाकात की. फिलहाल अल-खर्ज के एक सरकारी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है.'
यह भी पढ़ें: 'अब हमला किया, तो अमेरिका को देंगे खुली छूट', सऊदी ने ईरान को दी चेतावनी
अल-खरज में रहने वाले सभी भारतीयों से अपील
भारतीय दूतावास ने बताया कि घायल नागरिक को बेहतरीन मेडिकल ट्रीटमेंट दिया जा रहा है. दूतावास की टीम घायल व्यक्ति के परिवार और अस्पताल प्रशासन के साथ तालमेल बिठा रही है. इसके साथ ही दूतावास ने अल-खर्ज में रहने वाले सभी भारतीय लोगों को सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में दूतावास से संपर्क करने की सलाह दी है.
सुबोध कुमार