रूस ने यूक्रेन के एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर पर बड़े हमले किए हैं. यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने शनिवार को बताया कि रूस ने देश के अलग-अलग इलाकों में बिजली बनाने और सप्लाई करने वाली 15 से ज्यादा अहम फैसिलिटी को निशाना बनाया. हमलों के बाद बिजली सप्लाई बहाल करने का काम जारी है.
राष्ट्रपति जेलेंस्की के मुताबिक, लुत्स्क, रिव्ने, झितोमिर, विनित्सिया, शेपेतिवका, स्लावुता और नेतिशिन जैसे शहरों में बिजली व्यवस्था पर सबसे ज्यादा असर पड़ा. खारकीव, कीव और निप्रोपेत्रोव्स्क इलाकों में भी एनर्जी से जुड़े ठिकानों को नुकसान पहुंचा है.
यह भी पढ़ें: जेलेंस्की ने की ट्रंप की चेतावनी दरकिनार, यूक्रेन का रूसी रिफाइनरी पर हमला
रातभर में 320 से ज्यादा ड्रोन और मिसाइलें दागीं
शुक्रवार शाम 7 बजे से शनिवार सुबह 7 बजे के बीच रूस ने 320 से ज्यादा ड्रोन और मिसाइलें दागीं. इनमें शाहेद ड्रोन के साथ क्रूज और बैलिस्टिक मिसाइलें भी शामिल थीं. जेलेंस्की ने कहा कि रूस सर्दियों से पहले यूक्रेन में बिजली और हीटिंग सप्लाई ठप करने की कोशिश कर रहा है. उन्होंने सहयोगी देशों से एयर डिफेंस और दूसरी मदद देने की अपील की. उन्होंने बिजली बहाल करने में जुटे कर्मचारियों का भी शुक्रिया अदा किया.
यह भी पढ़ें: रूस-यूक्रेन जंग के बढ़ते दायरे पर क्यों फिक्र में EU, देखें दुनिया आजतक
अमेरिका के फैसले पर जेलेंस्की ने उठाए सवाल
जेलेंस्की ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के रूस पर प्रस्तावित प्रतिबंधों और टैरिफ को लागू करने से छूट देने के फैसले की आलोचना की. उन्होंने कहा कि रूस पर आर्थिक दबाव कम करने से उसे युद्ध जारी रखने का प्रोत्साहन मिल सकता है. अमेरिका ने 16 अक्टूबर को लिंडसे ग्राहम कानून के तहत प्रस्तावित कड़े टैरिफ लागू करने से छूट दी थी.
aajtak.in