ब्लैक सी में ड्रोन हमलों के बीच यूक्रेन सीमा के पास रोमानिया के समुद्री इलाके में एक व्यापारिक जहाज में धमाके के बाद आग लग गई. रोमानिया के रक्षा मंत्री रादू मिरुत्सा ने बुधवार को इसकी जानकारी दी. उन्होंने कहा कि अभी यह साफ नहीं है कि जहाज में आग ड्रोन हमले की वजह से लगी या आग लगने की वजह कुछ और है. रोमानिया के एयर डिफेंस रडार ने जहाज की तरफ आते किसी ड्रोन का पता नहीं लगाया था.
आग लगने के समय जहाज खाली था. कोमोरोस के झंडे के साथ चल रहे इस जहाज का नाम 'यारा जे' बताया गया है. जहाज के चालक दल ने डेन्यूब नदी के मुहाने पर स्थित सुलिना शहर से करीब 10 नॉटिकल मील दक्षिण-पूर्व में मदद के लिए संदेश भेजा था.
यह भी पढ़ें: ब्लैक सी में 2 जहाजों पर ड्रोन अटैक, एक समंदर में डूबा... रूस पर उठ रहे सवाल
रेस्क्यू टीम के पहुंचने से पहले ही आग पर पा लिया काबू
रोमानिया के रक्षा मंत्री के मुताबिक, बचावकर्मियों के पहुंचने से पहले ही जहाज के चालक दल ने आग पर काबू पा लिया. जहाज पर सीरिया, भारत और ईरान के 17 लोग सवार थे. इनमें से किसी के घायल होने की खबर नहीं है. जहाज अब रोमानिया के काला सागर तट पर स्थित कॉन्स्टांटा बंदरगाह की ओर बढ़ रहा है. वहां आग लगने की वजह की जांच की जाएगी.
तुर्की के जहाज पर हुए हमले
काला सागर या ब्लैक सी में व्यापारिक जहाजों पर ड्रोन हमलों की घटनाएं बढ़ रही हैं. नौ दिन पहले अनाज से लदे एक तुर्की व्यापारिक जहाज पर भी ड्रोन से हमला हुआ था. यह जहाज रोमानिया के समुद्री आर्थिक क्षेत्र में स्फांतु घेओर्गे शहर के पास डूब गया था. इस घटना में चालक दल के दो सदस्यों की मौत हुई थी.
यह भी पढ़ें: रूस के ब्लैक सी तट पर बड़ा हमला, आग की चपेट में आए टैंकर से 23 भारतीय सुरक्षित बचाए गए
हाल के दिनों में पड़ोसी देश बुल्गारिया के समुद्री आर्थिक क्षेत्र में भी कई जहाज प्रभावित हुए हैं. रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध शुरू होने के बाद से रोमानिया के हवाई क्षेत्र में भी कई बार ड्रोन देखे गए हैं. ये घटनाएं यूक्रेन के डेन्यूब नदी के किनारे स्थित बंदरगाहों पर रूसी हमलों के दौरान सामने आई हैं.
aajtak.in