पाकिस्तान की यूनिवर्सिटी में सैनिक पति ने कर दी फायरिंग, कैंपस में फैली दहशत- VIDEO

पाकिस्तान की सरहद यूनिवर्सिटी के रावत कैंपस में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान जमकर हंगामा हुआ. आरोप है कि यूनिवर्सिटी की एक महिला फैकल्टी से विवाद के बाद उसका सैन्यकर्मी पति मौके पर पहुंचा और छात्रों पर फायरिंग कर दी. घटना के बाद छात्राओं ने पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने और आरोपी को बचाने का आरोप लगाया.

Advertisement
बताया जा रहा है कि आर्मी ऑफिसर महिला टीचर का पति है. (Photo- ITG) बताया जा रहा है कि आर्मी ऑफिसर महिला टीचर का पति है. (Photo- ITG)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 24 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 3:06 PM IST

पाकिस्तान की एक यूनिवर्सिटी में छात्र-छात्राओं के प्रदर्शन के दौरान फायरिंग का मामला सामने आया है. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हंगामा मचा हुआ है. मामला इस्लामाबाद के पास सरहद यूनिवर्सिटी के रावत कैंपस का बताया जा रहा है. छात्रों का आरोप है कि एक महिला फैकल्टी से विवाद के बाद उसके सैन्यकर्मी पति ने यूनिवर्सिटी पहुंचकर छात्रों पर गोलियां चला दीं.

Advertisement

बताया जा रहा है कि यूनिवर्सिटी में कुछ छात्र-छात्राएं फीस, क्लास और अन्य नीतियों को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे. इसी दौरान स्टूडेंट अफेयर्स की प्रमुख डॉ. आइना छात्रों से बातचीत करने पहुंचीं. छात्रों और उनके बीच विवाद हो गया. आरोप है कि इसके बाद डॉ. आइना ने अपने पति को फोन किया, जो पाकिस्तानी सेना में अधिकारी हैं.

सैन्यकर्मी के यूनिवर्सिटी पहुंचने के बाद भी विवाद खत्म नहीं हुआ. छात्रों का आरोप है कि अधिकारी ने वहां मौजूद छात्रों के साथ मारपीट की और फिर फायरिंग कर दी. छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि अधिकारी ने छात्राओं के साथ बदसलूकी की. हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम को लेकर अलग-अलग दावे सामने आए हैं.

एक पक्ष का दावा है कि छात्रों ने महिला फैकल्टी और उनके पति के साथ बदसलूकी की थी और सैन्यकर्मी छात्रों से उन्हें बचाने के लिए वहां पहुंचे थे. वहीं, प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना है कि वे शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे और सैन्यकर्मी ने पहुंचते ही उनके साथ मारपीट और फायरिंग शुरू कर दी.

Advertisement

छात्रों ने पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ तुरंत कार्रवाई नहीं की और उसे बचाने की कोशिश की. छात्रों ने यह भी दावा किया कि फायरिंग की घटना रिकॉर्ड करने वाले कुछ छात्रों के मोबाइल फोन छीनने की कोशिश की गई, ताकि वीडियो और सबूत सामने न आ सकें.

छात्रों के मुताबिक, इस विवाद की शुरुआत यूनिवर्सिटी के एक HOD सर जादुन खान के खिलाफ लगाए गए कथित उत्पीड़न के आरोपों से हुई थी. छात्रों का दावा है कि HOD को वे अच्छा शिक्षक मानते हैं और उनके खिलाफ कार्रवाई का विरोध कर रहे हैं. इसी को लेकर पिछले करीब डेढ़ महीने से विवाद और प्रदर्शन चल रहा था.

घटना के बाद छात्रों ने न्याय की मांग करते हुए यूनिवर्सिटी प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की. उन्होंने मांग की कि आरोपी महिला फैकल्टी और सैन्य अधिकारी को कैंपस से हटाया जाए.

वहीं, पाकिस्तानी सेना की ओर से कहा गया है कि संबंधित अधिकारी को हिरासत में लिया गया है और उसके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू कर दी गई है. सेना ने कहा है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. यानी वायरल वीडियो के बीच इस मामले में आरोपों की पूरी सच्चाई जांच के बाद ही साफ होगी.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »