पाकिस्तान के लाहौर में दो विदेशी महिलाओं के साथ कथित अपहरण और गैंगरेप के मामले में पुलिस ने उपप्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार के एक रिश्तेदार समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है.
न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुहम्मद रजा डार, हसन रजा, सिकंदर खान और साजिद अली के रूप में हुई है. लाहौर की एक अदालत ने शुक्रवार को चारों आरोपियों को पांच दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया. पुलिस के मुताबिक, इस मामले का मुख्य आरोपी मुहम्मद रजा डार है, जिसका संबंध पाकिस्तान के उपप्रधानमंत्री इशाक डार के परिवार से बताया जा रहा है.
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि चूंकि मामले में उपप्रधानमंत्री के करीबी रिश्तेदार का नाम सामने आया है, इसलिए जांच बेहद सावधानी और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है. पुलिस के अनुसार, पीड़ित महिलाओं में एक नीदरलैंड और दूसरी वेनेजुएला की नागरिक है. दोनों के साथ 29 जून को लाहौर में कथित तौर पर अपहरण कर गैंगरेप किया गया.
बता दें कि मामले का खुलासा तब हुआ जब पीड़िताओं में से एक के पिता ने स्पेन से पुलिस को फोन कर अपनी बेटी के खतरे में होने की सूचना दी. इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों महिलाओं को सुरक्षित बरामद किया.
स्पेन से आया फोन और खुल गया मामला
लाहौर पुलिस ने गुरुवार को पांच आरोपियों के खिलाफ अपहरण और सामूहिक दुष्कर्म की धाराओं में मामला दर्ज किया. चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि पांचवां आरोपी अभी फरार है. उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों विदेशी महिलाओं की मुलाकात अक्टूबर 2025 में सिंगापुर में मुहम्मद रजा डार से हुई थी. रजा डार ने उन्हें पाकिस्तान आने का निमंत्रण दिया था. एक पुलिस अधिकारी के अनुसार, दोनों महिलाएं और रजा डार कथित तौर पर एक क्रिप्टोकरेंसी कारोबार से जुड़े हुए थे.
रजा डार ने दोनों महिलाओं के लिए पाकिस्तान आने के लिए बिजनेस वीजा की व्यवस्था की थी. महिलाएं 29 जून को लाहौर पहुंचीं, जहां उनके मुताबिक एयरपोर्ट से निकलने के बाद आरोपियों ने उनका अपहरण कर लिया और एक मकान में ले जाकर कथित तौर पर गैंगरेप किया. पीड़िताओं ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों ने उनकी रिहाई के बदले फिरौती की मांग की.
अदालत में पेशी के दौरान दोनों महिलाओं ने मुहम्मद रजा डार को मुख्य आरोपी के रूप में पहचान लिया. पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम और फरार आरोपी की भूमिका की जांच कर रही है.
aajtak.in