सोशल मीडिया की एक तस्वीर पर विवाद... पाकिस्तान में 18 साल की लड़की की गोली मारकर हत्या

पाकिस्तान में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. अफगान सीमा से सटे एक गांव में एक 18 साल की लड़की की हत्या सिर्फ इसलिए कर दी गई, क्योंकि सोशल मीडिया पर उसकी तस्वीर पोस्ट हुई थी. इसके बाद गांव के सरपंचो ने उसकी हत्या का आदेश दे दिया था.

Advertisement
सांकेतिक तस्वीर सांकेतिक तस्वीर

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 28 नवंबर 2023,
  • अपडेटेड 6:14 AM IST

पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां 18 साल की एक लड़की की हत्या सिर्फ इसलिए कर दी गई, क्योंकि वो सोशल मीडिया पर एक तस्वीर पोस्ट हुई थी. गांव के सरपंचों ने उसकी हत्या का आदेश दिया था, जिसके बाद उसे गोली मार दी गई. फिलहाल पुलिस इस घटना की जांच कर रही है. 

Advertisement

ये घटना अफगान सीमा से सटे कोलाई-पलास जिले की है. पुलिस ने बताया कि बुजुर्गों के एक समूह, जिसे स्थानीय भाषा में 'जिरगा' कहा जाता है, ने दोनों लड़कियों की हत्या का आदेश दिया था. पुलिस को लड़की के रिश्तेदारों पर भी शक है.

कोलाई-पलास जिले के डीएसपी मसूद खान ने बताया कि कुछ लोगों ने सोशल मीडिया पर इन दोनों लड़कियों की तस्वीर अपलोड कर दी थी. इसके बाद गांववालों ने दोनों लड़कियों की हत्या का आदेश दिया था. एक को तो गोली मार दी गई, जबकि दूसरी को पुलिस ने बचा लिया.

उन्होंने बताया कि इलाके में महिलाओं की तस्वीरों का सार्वजनिक होना टैबू माना जाता है. खान ने कहा कि इस घटना की जांच की जा रही है. लड़की की हत्या में उसके कुछ पुरुष रिश्तेदारों के भी शामिल होने का शक है. 

Advertisement

खैबर पख्तूनख्वाह प्रांत के केयरटेकर सीएम सैयद इरशाद हुसैन शाह ने बताया कि पुलिस को दोषियों को गिरफ्तार करने के आदेश दे दिए हैं. 

मानवाधिकार संगठनों का दावा है पाकिस्तान में हर साल सैकड़ों मुस्लिम महिलाएं ऑनर किलिंग का शिकार बनती हैं. सख्त कानूनों के बावजूद इस तरह की हत्याएं रुक नहीं रहीं हैं. आमतौर पर दूसरी बिरादरी में शादी करने या फिर धार्मिक और सांस्कृति मूल्यों का उल्लंघन करने के आरोप में लड़कियों और महिलाओं की हत्या कर दी जाती है.

पिछले साल एक अदालत ने सोशल मीडिया स्टार कंदील बलोच की हत्या में आरोपी बनाए गए उनके भाई को बरी कर दिया था. 2016 में कंदील बलोच की हत्या कर दी गई थी. इस घटना ने ऑनर किलिंग को लेकर कानून बदलने पर मजबूर कर दिया था.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »