ईरान पर अमेरिका और इजरायल के संयुक्त हमलों के बाद से ही मिडिल ईस्ट में तनाव चरम पर पहुंच गया है. इस महाजंग में लगातार अत्याधुनिक हथियारों का इस्तेमाल हो रहा है. एक ओर ईरान खाड़ी देशों के तेल और गैस ठिकानों को निशाना बना रहा है, तो दूसरी ओर इजरायल भी मिसाइलों और ड्रोन के जरिए हमले कर रहा है.
यह युद्ध आज 20वें दिन में प्रवेश कर चुका है लेकिन अभी तक इसके थमने के कोई संकेत नहीं मिल पा रहे हैं. इस बीच इजरायल ने सीरिया में भी बमबारी शुरू कर दी है, जिससे इस जंग ने एक और नया मोड़ ले लिया है. जिस तरह फिल्म धुरंधर में हमजा ने पाकिस्तान में घुसकर तबाही मचाई थी, उसी तरह इजरायल भी अब आक्रामक रुख अपनाते हुए नजर आ रहा है.
ईरान और लेबनान के बाद अब सीरिया में इजरायल ने हमला शुरू कर दिया है. इजरायली रक्षा बल (IDF) ने जानकारी दी है कि सुवैदा इलाके में ड्रूज समुदाय पर हुए हमलों के बाद दक्षिणी सीरिया में सीरियाई शासन से जुड़े ठिकानों पर कार्रवाई की गई है.
यहां बीती रात दक्षिणी सीरिया में सीरियाई शासन के सैन्य कैंपों में स्थित एक कमांड मुख्यालय और युद्ध संबंधी संसाधनों को निशाना बनाया गया.
यह भी पढ़ें: अटकलों के बीच ईरान ने किया मोजतबा खामेनेई का ‘रेयर वीडियो’ रिलीज
तेल रिफाइनरियों पर हमला
20 दिनों से जारी जंग में तेल रिफाइनरियों पर हमले तेज हो गए हैं. ईरान की ओर से कुवैत में भी ड्रोन हमले किए गए. मीना अल-अहमदी रिफाइनरी पर रात के समय हुए हमलों में कुछ यूनिट्स में आग लगने की खबर सामने आई है. खाड़ी क्षेत्र की रिफाइनरियों पर हमलों की घटनाएं देखी गई है. वहीं, ईरान ने साफ कहा है कि उसके गैस फील्ड पर हुए हमले का जवाब अभी अधूरा है.
जंग में ईरान बैलिस्टिक मिसाइलों के जरिए इजरायल को भी निशाना बना रहा है. इजरायली रक्षा बल (IDF) के अनुसार, ईरान से इजरायल की ओर कई मिसाइलें दागी गई हैं, जिनमें से कुछ को इंटरसेप्ट किया गया है.
ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने दावा किया है कि मिसाइल निर्माण का काम लगातार जारी है और देश के पास मिसाइलों की पर्याप्त क्षमता मौजूद है.
इजरायल ने भी ईरान के अहम गैस इंफ्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाते हुए पार्स गैस साइट पर हमला किया है. यह वही क्षेत्र है जहां से ईरान बड़े पैमाने पर नेचुरल गैस का उत्पादन करता है. ईरान का यह गैस फील्ड कतर तक फैला हुआ है और इसे दुनिया का सबसे बड़ा गैस फील्ड माना जाता है.
अमन मैखुरी