प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इटली पहुंचते ही प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया. दोनों नेताओं की यह सातवीं मुलाकात रही, जो भारत और इटली के मजबूत होते रिश्तों का संकेत मानी जा रही है.
एयरपोर्ट और आधिकारिक कार्यक्रमों की तस्वीरों में दोनों नेताओं के बीच अच्छी बॉन्डिंग देखने को मिली. पिछले कुछ सालों में दोनों देशों ने व्यापार, रक्षा, ऊर्जा और टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाया है. इस मुलाकात को भारत-यूरोप संबंधों के लिहाज से भी काफी अहम माना जा रहा है.
रोम के ऐतिहासिक कॉलीजियम में प्रधानमंत्री मोदी और जॉर्जिया मेलोनी की मुलाकात की पहली तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गईं. मेलोनी ने खुद पीएम मोदी के साथ एक सेल्फी शेयर की, जिसे लाखों लोगों ने पसंद किया.
प्रधानमंत्री मोदी ने तस्वीरें शेयर करते हुए एक्स पोस्ट में लिखा, "रोम पहुंचने के बाद मुझे प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी से डिनर पर मिलने का मौका मिला. इसके बाद हमने रोम के मशहूर कॉलीजियम का भी दौरा किया. इस दौरान कई अहम मुद्दों पर बातचीत हुई. आज फिर हमारी बैठक होगी, जिसमें भारत और इटली की दोस्ती को और मजबूत करने पर चर्चा करेंगे."
प्रधानमंत्री मोदी और मेलोनी की बातचीत में IMEC यानी इंडिया-मिडिल ईस्ट इकोनॉमिक कॉरिडोर प्रमुख मुद्दा रहा. यह कॉरिडोर भारत, मध्य पूर्व और यूरोप को जोड़ने वाला बड़ा आर्थिक और कनेक्टिविटी प्रोजेक्ट माना जाता है. दोनों देशों ने इसे तेजी से आगे बढ़ाने पर जोर दिया.
प्राचीन रोमन साम्राज्य की पहचान माने जाने वाले कॉलीजीयम की पृष्ठभूमि में दोनों नेताओं की यह तस्वीर काफी चर्चा में रही. सोशल मीडिया यूजर्स ने इसे "डिप्लोमैटिक फ्रेंडशिप" और "पावर सेल्फी" जैसे नाम दिए. दोनों नेताओं की केमिस्ट्री पहले भी कई अंतरराष्ट्रीय मंचों पर चर्चा में रह चुकी है.
प्रधानमंत्री मोदी रोम स्थित फूड एंड एग्रीकल्चर ऑर्गेनाइजेशन मुख्यालय का भी दौरा करेंगे. यहां वे वैश्विक खाद्य सुरक्षा, कृषि सुधार और टिकाऊ विकास जैसे मुद्दों पर चर्चा करेंगे. भारत लंबे समय से खाद्य सुरक्षा और कृषि तकनीक के क्षेत्र में अपनी भूमिका बढ़ाने की कोशिश कर रहा है. FAO मुख्यालय में होने वाली बैठक में विकासशील देशों की चुनौतियों, जलवायु परिवर्तन और कृषि उत्पादन बढ़ाने पर भी फोकस रहेगा.