पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना से चौंकाने वाला मामले सामने आया है. यहां एलपीजी सिलेंडर की सब्सिडी चेक करने बैंक पहुंची एक महिला उस वक्त हैरान रह गई, जब उसके खाते में कुछ सौ या हजार नहीं, बल्कि करीब 100 करोड़ रुपये जमा दिखे.
बैंक अधिकारी की बात सुनकर महिला के होश उड़ गए. आखिर उसके खाते में इतनी बड़ी रकम कैसे आई, यह सवाल अब चर्चा का विषय बन गया है.
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक मामला दक्षिण 24 परगना का है, 36 वर्षीय कश्मीरा शेख अपने LPG सिलेंडर की सब्सिडी को लेकर जांच करने बैंक पहुंची. उन्हें बस इतना जानना था कि उनकी सब्सिडी आई है या नहीं लेकिन बैंक अधिकारी से जो जवाब मिला उसे सुनकर वह हैरान रह गई. जब उन्होंने पूछा कि बैंक खाते में सब्सिडी आई है या नहीं, तो बैंक अधिकारी ने जांच करके उन्हें बताया कि हाल ही में उनके खाते में ₹99,99,99,997 "क्रेडिट" हुए हैं.
यह भी पढ़ें: Hooghly में अनोखा पोस्टर, एनिवर्सरी में नहीं आने पर लगा 500 रुपये का जुर्माना!
कश्मीरा शेख ज़री की कढ़ाई करने का काम करती हैं, जबकि उनके पति सिलाई का काम करते हैं. यह दंपति रोजमर्रा की पाई-पाई के लिए मेहनत करता है. ऐसे में जब खाते में 100 करोड़ आने का पता चला तो पहले तो इन्हें हैरानी हुई. लेकिन इनकी परेशानी तब बढ़ी जब इन्हें पता चला कि ये उस पैसे का इस्तेमाल नहीं कर सकती. यह रकम कहां से आई है इसकी जांच के लिए उनके बैंक अकाउंट को फ्रीज कर दिया गया है. यह उनका इकलौता बैंक खाता था.
जांच में पता चला कि सिर्फ कश्मीरा शेख नहीं हैं जिनके खाते में ऐसी रकम आई है. इसे सर्वर की तकनीकी खराबी माना जा रहा है. इससे पूरे बंगाल में बैंकिंग लेन-देन प्रभावित हुए हैं. कोलकाता के बेलेघाटा में क्लाउड किचन में काम कर रही नूपुर गुप्ता के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ है.
नूपुर के खाते में ₹47 करोड़ रुपये ऐसे ही डिपॉजिट हुए थे. जिसके कारण उन्हें बैंक, पुलिस और टैक्स विभाग की संयुक्त जांच का सामना करना पड़ा. टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक, PNB के अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में गहनता से जांच की जा रही है. हालांकि बैंक की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है.
aajtak.in