पश्चिम बंगाल में इन दिनों सियासत का अलग ही रंग देखने को मिल रहा है. पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की अगुवाई वाली विपक्षी तृणमूल कांग्रेस के 58 विधायकों ने पार्टी से बगावत कर अपना नेता प्रतिपक्ष बना लिया है. वहीं, टीएमसी विधायकों की बगावत के लिए सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर आरोप लगा रही है.
टीएमसी और बीजेपी में जारी आरोप-प्रत्यारोप के बीच सत्ताधारी पार्टी की नेता प्रियंका टिबरेवाल की अगुवाई में सत्ताधारी पार्टी के कार्यकर्ता विपक्षी दल के बागी गुट के नेता संदीपन साहा के खिलाफ सड़क पर उतर आए और प्रोटेस्ट किया. प्रियंका टिबरेवाल की अगुवाई में बीजेपी समर्थकों ने संदीपन साहा और उनके पिता पर जमीन कब्जा करने के साथ ही अवैध उगाही करने के आरोप लगाते हुए नारेबाजी की थी.
यह भी पढ़ें: 'ममता बनर्जी ही हमारी नेता, हम नहीं मानेंगे', अब TMC के बागी गुट में फूट
तेजी से बदलते राजनीतिक घटनाक्रम के बीच अब बागी गुट के नेता संदीपन साहा भी शुक्रवार को सामने आए. संदीपन साहा के साथ ही विधानसभा में विपक्ष के नेता ऋतब्रत बनर्जी, जावेद खान, अकरुजी जमां, मुस्तफिजुर रहमान ने कोलकाता में प्रेस कॉन्फ्रेंस की. इन नेताओं ने संदीपन साहा के आवास पर हुए प्रदर्शन के मामले में औपचारिक शिकायत करने का ऐलान किया और कहा कि हमें लगता है कि यह प्रोटेस्ट गैरजरूरी था.
यह भी पढ़ें: बंगाल: TMC नेता के क्वार्टर से बरामद की गई राहत सामग्री, बीजेपी ने उठाए सवाल
टीएमसी बागी गुट के नेताओं ने यह उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी इस तरह की घटनाओं का समर्थन नहीं करेंगे. इन नेताओं ने दावा किया कि प्रोटेस्ट के लिए बाहर से लोग बुलाए गए थे. टीएमसी बागी गुट के नेताओं ने यह भी उम्मीद जताई कि एक मौजूदा विधायक के खिलाफ इस तरह का गतिरोध उत्पन्न करने वालों पर प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा.
ममता बनर्जी ने बुलाई बड़े नेताओं की बैठक
टीएमसी में बगावत के बाद अब ममता बनर्जी भी एक्टिव हो गई हैं. ममता बनर्जी ने टीएमसी के बड़े नेताओं की बैठक बुलाई है. यह बैठक ममता बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास पर होगी. शाम चार बजे से बुलाई गई बैठक में टीएमसी के बड़े नेताओं को बुलाया गया है. टीएमसी में विधायकों की बगावत के बाद ममता बनर्जी की ओर से बुलाई गई यह पहली बड़ी बैठक है.
अनुपम मिश्रा / इंद्रजीत कुंडू