पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना में एक दूसरे राज्य के प्रवासी मजदूर को चोर होने के शक में भीड़ ने रस्सी से बांधकर पीटा, जिससे उसकी मौत हो गई. जिससे कुलताली पुलिस स्टेशन के अंतर्गत आने वाले संकीजहान इलाके में तनाव फैल गया. पुलिस ने मामले में 7 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो नाबालिग भी शामिल हैं.
बच्चा चोर समझकर लोगों ने बुरी तरह पीटा
सूत्रों के अनुसार केरल से आए पीड़ित पर कुछ स्थानीय लोगों को चोर और बच्चा उठाने वाला होने का शक हुआ. जबकि वह व्यक्ति काम के सिलसिले में एक परिचित से मिलने संकीजहान इलाके में आया था. मंगलवार सुबह वह एक स्थानीय बाज़ार गया, लेकिन रास्तों की जानकारी न होने के कारण गलती से दूसरे इलाके में चला गया.
केरल का निवासी होने के कारण वह स्थानीय बंगाली भाषा नहीं समझता था. जिसके चलते ग्रामीणों के सवाल पूछने पर वह अपनी पहचान और आने का मकसद ठीक से नहीं बता पाया. ऐसे में स्थानीय लोगों ने उसे बच्चा चोर समझ लिया और रस्सी से बांधकर बेरहमी से पिटाई कर दी.
पुलिस ने 7 को किया गिरफ्तार
सूचना मिलने पर कुलताली पुलिस स्टेशन की पुलिस मौके पर पहुंची और घायल व्यक्ति को बचाया. उसे गंभीर हालत में जयनगर-कुलताली ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया, जहां भर्ती होने के कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गई. फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. इस बीच सोशल मीडिया पर उस व्यक्ति को बांधे जाने और पीटे जाने का एक वीडियो वायरल हो गया.
कुलताली पुलिस ने जांच शुरू की और शनिवार रात सात लोगों को हिरासत में लिया. हालांकि पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया. आरोपियों को रविवार को बारुईपुर सब-डिविजनल कोर्ट में पेश किया जाएगा.
(इनपुट- प्रसेनजित साहा)
aajtak.in