पश्चिम बंगाल की फलता सीट से तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के उम्मीदवार रहे जहांगीर खान को बंगाल पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पश्चिम बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने जहांगीर खान को नेपाल की अंतरराष्ट्रीय सीमा से पकड़ा है. टीएमसी का पूर्व विधायक जहांगीर खान देश छोड़कर नेपाल भागने की फिराक में था.
जहांगीर खान की गिरफ्तारी किस जगह से और कब की गई, इस संबंध में अधिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है. पश्चिम बंगाल पुलिस की एसटीएफ प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जहांगीर खान की गिरफ्तारी के संबंध में अधिक जानकारी साझा कर सकती है. मिली जानकारी के मुताबिक जहांगीर खान फलता विधानसभा सीट के लिए हाल ही में हुए चुनाव के बाद से लापता चल रहा था.
पश्चिम बंगाल पुलिस और एसटीएफ को कई मामलों में जहांगीर खान की तलाश थी. जहांगीर खान के खिलाफ सात मामले दर्ज हैं. एसटीएफ ने जहांगीर खान को पकड़ने के लिए टेक्निकल सर्विलांस का सहारा लिया. जहांगीर खान के एक सहयोगी का फोन जब ट्रैक किया गया, एसटीएफ जहांगीर खान तक पहुंच गई.
यह भी पढ़ें: एक करीबी के फोन कॉल से ट्रेस हुआ जहांगीर खान, नेपाल बॉर्डर के पास किराये पर रह रहा था
जहांगीर खान के खिलाफ हत्या के प्रयास, जबरन वसूली और दंगा भड़काने समेत कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज हैं. जहांगीर के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का मामला भी दर्ज है, जिसकी जांच ईडी कर रही है. जहांगीर खान को कोलकाता हाईकोर्ट ने गिरफ्तारी से अंतरिम सुरक्षा दे रखी थी. हालांकि, इसकी मियाद समाप्त होने के बाद कोलकाता हाईकोर्ट ने गिरफ्तारी से मिली अंतरिम सुरक्षा बढ़ाने से इनकार कर दिया था.
यह भी पढ़ें: धांधली-हत्या की कोशिश समेत 7 केस, नेपाल भागते पकड़े गए फलता के 'पुष्पा' की पूरी कुंडली
बता दें कि जहांगीर को टीएमसी ने हालिया चुनाव में फलता सीट से अपना उम्मीदवार बनाया था. हालांकि, चुनाव प्रचार के अंतिम दिन जहांगीर खान ने मैदान छोड़ने का ऐलान कर दिया था. बंगाल चुनाव के दौरान जहांगीर खान आईपीएस जय पाल शर्मा को धमकी देकर सुर्खियों में आया था. जहांगीर ने पुष्पा वाले अंदाज में कहा था कि झुकेंगे नहीं. फलता सीट पर चुनाव में बीजेपी के उम्मीदवार को जीत मिली थी.
तपस सेनगुप्ता