पश्चिम बंगाल के हावड़ा में प्रधानमंत्री आवास योजना और मनरेगा में भ्रष्टाचार को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा है. गुस्साए ग्रामीणों ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) पंचायत सदस्य भाई को बिजली के खंभे से बांधकर गले में जूतों की माला पहनाई और अंडे फोड़कर अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया.
शंकरहाटी-2 ग्राम पंचायत के सदस्य बसु सांतरा और उनके भाई शैलेन सांतरा पर स्थानीय ग्रामीणों ने बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं. लोगों का कहना है कि इन दोनों भाइयों ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर दिलाने के नाम पर गरीब ग्रामीणों से लाखों रुपये की अवैध वसूली (कटमनी) की है. इसके साथ ही इन्होंने मजदूरों के जॉब कार्ड और उनके हक की मजदूरी की राशि को भी दबा कर रखा था.
भ्रष्टाचार से तंग आ चुके आक्रोशित ग्रामीणों ने कानून हाथ में लेते हुए पंचायत सदस्य के भाई शैलेन सांतरा को पकड़कर बिजली के खंभे से बांध दिया. प्रदर्शनकारियों ने उसके गले में जूतों की माला डाली और विरोध स्वरूप उसके ऊपर अंडे भी फोड़े. इसके बाद बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी टीएमसी पंचायत सदस्य बसु सांतरा के घर भी जा धमके और उनकी अनुपस्थिति में घर के बाहर खड़े होकर घंटों जमकर नारेबाजी की.
जगतबल्लभपुर में हुए भारी बवाल की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई. पुलिस अधिकारियों ने सूझबूझ से काम लेते हुए सबसे पहले स्थिति को संभाला और ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाकर शैलेन सांतरा को हिरासत में ले लिया. पुलिस आरोपी को थाने ले गई है और मामले की जांच शूरू कर दी है.
बैधनाथ झा