'नाम के प्रति नाराजगी लाखों का काम न बिगाड़ दे', वरुण गांधी ने योगी सरकार पर कसा तंज

एक महिला मरीज की मौत के बाद अस्पताल का लाइसेंस निलंबित कर इसे सील कर दिया गया था. इसको लेकर वरुण गांधी ने नाराजगी जताई है. उनका कहना है कि बिना जांच के अस्पताल का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया है. इस दौरान उन्होंने यूपी की योगी सरकार पर भी निशाना साधा.

Advertisement
बीजेपी सांसद वरुण गांधी (फाइल फोटो) बीजेपी सांसद वरुण गांधी (फाइल फोटो)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 01 अक्टूबर 2023,
  • अपडेटेड 2:13 AM IST

भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सांसद वरुण गांधी ने एक मरीज की मौत के बाद अमेठी के संजय गांधी अस्पताल का लाइसेंस निलंबित करने को लेकर शनिवार को प्रदेश में अपनी ही पार्टी की सरकार पर कटाक्ष किया. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वरुण गांधी ने लिखा, “सवाल 450 श्रमिकों के परिवारों का नहीं है, बल्कि राज्य (उत्तर प्रदेश) के सैकड़ों आम लोगों का भी है. उनकी पीड़ा का न्याय केवल मानवता की दृष्टि ही कर सकती है, व्यवस्था का अहंकार' नहीं.' ऐसा न हो कि 'नाम' के प्रति नाराजगी लाखों लोगों का 'काम' खराब कर दे."

Advertisement

इससे पहले वरुण गांधी ने उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक को भी पत्र लिखकर अस्पताल का लाइसेंस निलंबित करने के सरकार के फैसले पर पुनर्विचार करने का अनुरोध किया था. उन्होंने कहा, "अमेठी में संजय गांधी अस्पताल के लाइसेंस को पूरी तरह से जांच किए बिना निलंबित करना उन सभी व्यक्तियों के साथ अन्याय है जो संस्थान पर निर्भर हैं."

बता दें कि एक महिला मरीज की मौत के बाद अस्पताल का लाइसेंस निलंबित कर इसे सील कर दिया गया था. महिला को 14 सितंबर को एक छोटे ऑपरेशन के लिए यहां भर्ती कराया गया था. उसके पति ने आरोप लगाया कि महिला को एनेस्थीसिया की अधिक मात्रा दी गई, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई और आखिर में उसकी मौत हो गई. 

वहीं मामला सामने आने के बाद संजय गांधी अस्पताल के चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया और अस्पताल को बंद करने का नोटिस जारी किया गया. यूपी सरकार का कहना है कि अस्पताल के खिलाफ कार्रवाई एक स्थानीय समिति द्वारा मामले की जांच के बाद की गई है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »