वाराणसी: 64 दिन बाद दशाश्वमेध घाट पर लौटी गंगा आरती, काशी में फिर दिखा अद्भुत नजारा- VIDEO

वाराणसी के दशाश्वमेध घाट पर 64 दिनों बाद विश्वप्रसिद्ध गंगा आरती अपने पारंपरिक स्थान पर लौट आई. मंगलवार, 20 अक्टूबर को हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में मां गंगा की आरती घाट के निर्धारित प्लेटफॉर्म पर संपन्न हुई. बाढ़ के कारण 17 अगस्त से आरती गंगा सेवा निधि के कार्यालय की छत पर आयोजित की जा रही थी.

Advertisement
दशाश्वमेध घाट पर होती गंगा आरती. (Photo: Screengrabs) दशाश्वमेध घाट पर होती गंगा आरती. (Photo: Screengrabs)

रोशन जायसवाल

  • वाराणसी,
  • 21 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 10:30 AM IST

वाराणसी में मां गंगा की विश्वप्रसिद्ध आरती का भव्य नजारा एक बार फिर दशाश्वमेध घाट पर देखने को मिला. बाढ़ के पानी के कारण 64 दिनों से अपने पारंपरिक स्थान से दूर हो रही गंगा आरती मंगलवार, 20 अक्टूबर को अपने मूल स्थान पर लौट आई. घाट के निर्धारित प्लेटफॉर्म पर आरती शुरू होते ही हजारों श्रद्धालु इस अलौकिक दृश्य के साक्षी बनने पहुंचे. दीपों की रोशनी, मंत्रोच्चार और मां गंगा की आराधना से पूरा घाट भक्तिमय हो उठा.

Advertisement

64 दिन तक छत पर हुई गंगा आरती
दरअसल, गंगा का जलस्तर बढ़ने के कारण दशाश्वमेध घाट पर आरती के आयोजन में बदलाव करना पड़ा था. 17 अगस्त से गंगा सेवा निधि की ओर से विश्वप्रसिद्ध आरती संस्था के कार्यालय की छत पर कराई जा रही थी. बाढ़ के पानी के चलते श्रद्धालु घाट के पारंपरिक प्लेटफॉर्म पर आरती का नजारा नहीं देख पा रहे थे. अब जलस्तर में कमी आने के बाद आरती को फिर से उसके मूल स्थान पर शुरू कर दिया गया है.

मंगलवार को जैसे ही दशाश्वमेध घाट पर पारंपरिक तरीके से आरती संपन्न हुई, वहां मौजूद श्रद्धालुओं के बीच उत्साह देखने को मिला. बड़ी संख्या में लोग मां गंगा की आरती में शामिल हुए. काशी की पहचान मानी जाने वाली इस आरती के अपने पुराने स्थान पर लौटने से घाट पर एक बार फिर रौनक दिखाई दी.

Advertisement

अभी सामान्य नहीं हुआ गंगा का जलस्तर
गंगा सेवा निधि के अध्यक्ष सुशांत मिश्रा ने बताया कि मां गंगा का जलस्तर बढ़ने के कारण 64 दिनों तक कार्यालय की छत पर आरती आयोजित की गई. मंगलवार को दशाश्वमेध घाट के पारंपरिक स्थान पर आरती संपन्न हुई. हालांकि, गंगा का जलस्तर अभी भी सामान्य से करीब 10 से 15 फीट अधिक बताया जा रहा है.

उन्होंने बताया कि पक्के घाटों का संपर्क एक बार फिर जुड़ गया है. आगामी पर्वों को देखते हुए घाटों की सफाई भी कराई जा रही है. बाढ़ के कारण बदली व्यवस्था के बाद गंगा आरती का अपने मूल स्थान पर लौटना काशी के श्रद्धालुओं के लिए राहत और आस्था से जुड़ा खास अवसर है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »