कांवड़ यात्रा शुरू होने में अभी कुछ दिन बाकी हैं, वहीं यूपी पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं. इस बार निशाने पर हैं वे DJ ऑपरेटर, जिनके साउंड सिस्टम और ऊंचे-ऊंचे DJ वाहन हर साल कांवड़ यात्रा का हिस्सा बनते हैं. मुजफ्फरनगर पुलिस ने साफ मैसेज दिया है कि नियमों के अंदर रहकर DJ बजाइए, वरना साउंड सिस्टम और गाड़ी दोनों जब्त हो सकते हैं.
एजेंसी के अनुसार, मुजफ्फरनगर के एसपी सिटी अमृत जैन ने कहा कि पुलिस ने गाजियाबाद, दिल्ली, सोनीपत, फरीदाबाद, करनाल, मेरठ, मुजफ्फरनगर और नोएडा के 348 DJ ऑपरेटरों की पहचान कर ली है. इन सभी को नोटिस भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
नोटिस में साफ लिखा है कि कांवड़ यात्रा के दौरान ध्वनि की तय सीमा और DJ वाहनों की निर्धारित ऊंचाई का पालन करना होगा. पुलिस का कहना है कि अगर किसी DJ ऑपरेटर ने तय मानकों का उल्लंघन किया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी. जरूरत पड़ने पर DJ का साउंड सिस्टम और वाहन भी जब्त किया जा सकता है.
यह भी पढ़ें: कांवड़ यात्रा पर AI की नजर, 2500 कैमरों से होगा फेस डिटेक्शन; ATS से लेकर ब्लैक कमांडो तक रहेंगे तैनात
कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार से गंगाजल लेकर पैदल अपने-अपने शहरों और गांवों की ओर लौटते हैं. इस दौरान कई कांवड़ियों के साथ DJ वाहन भी चलते हैं. प्रशासन का मानना है कि जरूरत से ज्यादा ऊंचे वाहन, तेज आवाज और नियमों की अनदेखी से हादसों का खतरा बढ़ जाता है. इसी वजह से इस बार यात्रा शुरू होने से पहले ही DJ ऑपरेटरों को नियमों की याद दिलाई जा रही है.
कब शुरू होगी कांवड़ यात्रा?
इस साल कांवड़ यात्रा 30 जुलाई से शुरू होगी और 11 अगस्त तक चलेगी. इस दौरान लाखों शिवभक्त हरिद्वार से गंगाजल लेकर राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग शिव मंदिरों में जलाभिषेक करेंगे. पुलिस का कहना है कि यात्रा के दौरान सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है. इसलिए सिर्फ DJ ऑपरेटर ही नहीं, यात्रा से जुड़े सभी लोगों को तय दिशा-निर्देशों का पालन करना होगा.
aajtak.in