यूपी के प्रतापगढ़ में पूर्व प्रधान मुस्तका गुलशन उर्फ मुन्ना की हत्या का खुलासा हो गया है. मुन्ना की लाश एक बोरे में मिली थी. पुलिस ने इस हत्याकांड में मृतक की प्रेमिका सुमन को गिरफ्तार किया है. सुमन ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था. पूरा मामला मांधाता कोतवाली क्षेत्र के मिश्रपुर का है.
बता दें कि यह वारदात 18 मार्च को अंजाम दी गई जब मुन्ना अचानक लापता हो गए थे. हत्या का खुलासा तब हुआ जब सुमेरपुर गांव के पास नहर में एक संदिग्ध बोरा मिला. प्रेमिका से मिलने गए मुन्ना को आरोपियों ने रॉड से सिर पर हमला कर मौत के घाट उतारा और सबूत छिपाने के लिए शव बोरे में भरकर नहर में फेंक दिया. पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और जांच शुरू की तो सनसनीखेज खुलासा हुआ. मुन्ना की दो पत्नियां और 18 बच्चे थे, लेकिन अफेयर के चक्कर में उसे जान से हाथ धोना पड़ा.
नहर में बोरे में मिला शव
मांधाता पुलिस को सूचना मिली थी कि सुमेरपुर गांव के पास नहर किनारे एक बोरा पड़ा है. जब पुलिस ने उसे खोला तो अंदर पूर्व प्रधान मुस्तका गुलशन का शव मिला. मुन्ना 2016 में मिश्रपुर गांव के प्रधान रह चुके थे. परिजनों ने 18 मार्च को उनके लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी. पुलिस जांच में पता चला कि हत्या के पीछे उनकी प्रेमिका सुमन का हाथ है, जिसे हिरासत में ले लिया गया.
मृतक की थीं दो पत्नियां और 18 बच्चे
इस हत्याकांड के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है. मुस्तका गुलशन ने दो शादियां की थीं और उनकी दोनों पत्नियां, किस्मतुल निशा और अम्बिया बानो, एक साथ रहती थीं. मृतक के कुल 18 बच्चे हैं, जिनमें पहली पत्नी से 9 (6 लड़के सहित) और दूसरी पत्नी से भी 9 बच्चे हैं. फिलहाल, पुलिस ने मुख्य आरोपी सुमन को गिरफ्तार कर लिया है और कानूनी कार्रवाई जारी है.
जानकारी के मुताबिक, आरोपी महिला 18 मार्च को अपने मायके आई थी. उसने प्रेमी (मुन्ना) को मिलने के लिए बुलाया. इसी दौरान महिला के साथियों ने भाई के साथ मिलकर रॉड से उस पर हमला कर दिया. जिसके बाद पूर्व प्रधान के घरवालों ने पुलिस से शिकायत की. पुलिस ने मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल चेक की जिसकी मदद से पुलिस आरोपी तक पहुंच गई.
सुनील कुमार यादव