महाराष्ट्र के ठाणे जिले के मुंब्रा में मेरठ के चर्चित ब्लू ड्रम मर्डर केस जैसी एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. यहां एक महिला नर्स पर अपने प्रेमी की हत्या कर शव को ड्रम में भरकर नाले में फेंकने का आरोप लगा है. पुलिस ने इस मामले में महिला और उसके भाई को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो आरोपी अभी भी फरार बताए जा रहे हैं. यह मामला उस समय सामने आया जब 24 वर्षीय सिविल इंजीनियर अरबाज खान कई दिनों से लापता था. अरबाज ठाणे जिले के डोंबिवली स्थित एक निजी कंपनी में काम करता था. पुलिस के अनुसार 3 अप्रैल को वह काम से जुड़े भुगतान लेने के लिए मुंबई के दादर जा रहा था, लेकिन उसके बाद वह वापस नहीं लौटा.
अरबाज के पिता ने उसके लापता होने की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई. इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की और कॉल रिकॉर्ड खंगाले. जांच के दौरान पुलिस को नर्स मेहजबीन शेख के बारे में जानकारी मिली, जो अरबाज के साथ रिश्ते में थी. पुलिस की तकनीकी जांच में अरबाज के मोबाइल की आखिरी लोकेशन वसई इलाके में मिली. जांच में यह भी सामने आया कि उसी समय मेहजबीन शेख भी उसी इलाके में मौजूद थी.
दादर जाने के दौरान लापता हुआ था अरबाज खान
5 अप्रैल को पालघर जिले में मुंबई-अहमदाबाद हाईवे के पास विरार फाटा इलाके में एक नाले से ड्रम में भरा हुआ शव बरामद हुआ. शव की हालत काफी खराब हो चुकी थी। बाद में पहचान अरबाज खान के रूप में हुई. मुंब्रा पुलिस के अनुसार मेहजबीन ने अरबाज को कुछ पैसे उधार दिए थे और वह रकम वापस चाहती थी. पुलिस का कहना है कि पैसे वसूलने और कथित तौर पर उगाही की नीयत से मेहजबीन और उसके परिजनों ने अरबाज को वसई के एक सुनसान इलाके में बुलाया.
वहां अरबाज के हाथ-पैर बांध दिए गए और पीवीसी पाइप से पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी गई. हत्या के बाद आरोपियों ने शव को एक ड्रम में भर दिया और उसे नाले में फेंक दिया. पुलिस ने इस मामले में मेहजबीन शेख और उसके भाई तारिक शेख को 7 मई को गिरफ्तार कर लिया. वहीं मेहजबीन का पति हसन और एक अन्य आरोपी मुजज्जम तालिब खान अभी फरार हैं. पुलिस उनकी तलाश कर रही है.
नर्स और उसका भाई गिरफ्तार, पति समेत दो आरोपी फरार
यह मामला मार्च 2025 में सामने आए मेरठ ब्लू ड्रम मर्डर केस की याद दिला रहा है, जिसने पूरे देश को झकझोर दिया था. उस मामले में व्यापारी नौसेना कर्मी सौरभ राजपूत की हत्या कर शव के टुकड़े ड्रम में भर दिए गए थे. फिलहाल मुंब्रा पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है.
aajtak.in