Uttar Pradesh News: हापुड़ देहात थाना क्षेत्र के गढ़ रोड स्थित 'मनोहर रिजेंसी मैरिज होम' में बीजेपी सांसद अरुण गोविल के प्रतिनिधि अशोक बबली की बेटी की शादी के दौरान चोरों ने बंद कमरे की खिड़की तोड़कर नकदी और जेवर चोरी कर लिए. चोरों ने रविवार की देर रात इस वारदात को अंजाम देते हुए कन्यादान के रखे लगभग 10 लाख रुपये और जेवरातों से भरा बैग चुरा लिया. इस बड़ी घटना का खुलासा रविवार सुबह 7 बजे हुआ जब परिजनों ने कमरे की खिड़की टूटी और बैग गायब देखा. सूचना मिलने पर थाना प्रभारी पारस मलिक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे.
खिड़की तोड़कर कमरे में घुसे शातिर चोर
सांसद प्रतिनिधि अशोक बबली की बेटी का विवाह समारोह शनिवार को धूमधाम से संपन्न हुआ था. रविवार की देर रात चोरों ने मैरिज होम के एक बंद कमरे को अपना निशाना बनाया. शातिर चोरों ने कमरे की खिड़की को तोड़ दिया और अंदर दाखिल हो गए. वहां रखे एक बैग पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया, जिसमें शादी में आए कन्यादान के करीब 10 लाख रुपये और कीमती जेवरात मौजूद थे. सुबह जब परिवार के लोग कमरे की तरफ गए, तो टूटी खिड़की देखकर उनके होश उड़ गए.
मैरिज होम के कर्मचारियों को हॉल में बंद कर पूछताछ
चोरी की इस बड़ी वारदात से शादी वाले घर और पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फौरन तफ्तीश शुरू की. जांच के दौरान एक अनोखा नजारा देखने को मिला, जहां हापुड़ देहात थाना प्रभारी ने मैरिज होम के सभी कर्मचारियों को एक हॉल में जमीन पर बैठा दिया और उनसे कड़ी पूछताछ शुरू कर दी. हालांकि, इस पुलिसिया पूछताछ के बाद भी फिलहाल पुलिस को चोरों को पकड़ने में कोई सफलता हाथ नहीं लगी है.
संचालक पर मिलीभगत का आरोप, सीसीटीवी गायब
पीड़ित पक्ष ने मैरिज होम के संचालक पर चोरों से मिलीभगत होने का गंभीर आरोप लगाया है. शिकायत में यह बात सामने आई है कि जिस कमरे को निशाना बनाया गया, उसके बाहर कोई भी सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा हुआ था. हापुड़ देहात थाना प्रभारी इंस्पेक्टर पारस मलिक ने बताया कि पुलिस खिड़की के पास से मिले साक्ष्यों को कब्जे में लेकर जांच कर रही है. मैरिज होम और आसपास के अन्य कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
देवेंद्र कुमार शर्मा