Uttar Pradesh News: सुल्तानपुर शहर सीट से भारतीय जनता पार्टी के विधायक विनोद सिंह ने शनिवार को लौहर दक्षिण गांव स्थित भाईं-भादर मार्ग पर एक नहर के पुल का शिलान्यास किया. इस मुस्लिम और पिछड़ी जाति (विपक्षी PDA) बाहुल्य इलाके में आयोजित सरकारी कार्यक्रम के मंच से विधायक ने राजनीतिक ध्रुवीकरण करते हुए विवादित बयान दिया. उन्होंने खुले मंच से चेतावनी दी कि जो भी योगी-मोदी के खिलाफ जाएगा, उसे इसका भारी खामियाजा भुगतना पड़ेगा. विरोध करने वाले ग्राम प्रधानों को सीधी धमकी देते हुए विधायक ने कहा कि वह उनके खिलाफ इतनी सरकारी जांच बैठा देंगे कि वे प्रधानी भी नहीं कर पाएंगे.
योजनाओं का लाभ लेकर योगी-मोदी को हटाने की चाहत
विनोद सिंह ने मंच संभालते ही तीखे तेवर दिखाए और कहा कि आज भारत का मुसलमान भारत और उत्तर प्रदेश सरकार की सारी योजनाओं का लाभ ले रहा है, लेकिन वह चाहता है कि मोदी और योगी खत्म हो जाएं. उन्होंने जनता से पूछा कि क्या वे खत्म हो जाएंगे? विधायक ने दावा किया कि अगर उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी आ गई, तो पूरे प्रदेश में आतंक का माहौल बन जाएगा.
बंगाल का उदाहरण और हिंदू राष्ट्र की बात
अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए विधायक ने पश्चिम बंगाल चुनाव का उदाहरण दिया. उन्होंने कहा कि वहां हिंदू एक हो गया और उसने टीएमसी को भयंकर शिकस्त दी. विधायक ने आरोप लगाया कि लौहर दक्षिण के लोग चाहते हैं कि दूसरा पाकिस्तान हिंदुस्तान में बन जाए, लेकिन हम ऐसा नहीं बनने देंगे क्योंकि हम हिंदू राष्ट्र हैं, हम हिंदू हैं. उन्होंने मंच पर एक यादव प्रधानपति से शादी के रीति-रिवाजों को लेकर भी सवाल दागे.
'भेदभाव नहीं रखा तो जांच बैठाकर प्रधानी छुड़वा दूंगा'
विनोद सिंह ने कहा कि उन्होंने चिकित्सा में 44 करोड़ रुपये दिए हैं, जिसमें मुस्लिम भी शामिल थे और इलाज में कोई भेदभाव नहीं रखा. उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि जब मैंने भेदभाव नहीं रखा, तो आप कैसे रखेंगे? जो भी सरकार के खिलाफ जाएगा, उस पर जांच बैठेगी. वहीं, जब इस बाबत जानकारी के लिए विनोद सिंह से उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया तो उनका फोन नही उठा. उनके प्रतिनिधि अमित सिंह ने कहा कि विधायक जी ने जो कहा है वो वीडियो में साफ है, अब इस मामले पर वो कोई बयान नही देंगे.
नितिन श्रीवास्तव