गुमशुदगी की जांच ने खोला रिश्तों में छिपे कत्ल का राज, प्रेमी के साथ मिलकर पति का मर्डर

शाहजहांपुर में प्रेम प्रसंग के चलते एक पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी. आरोप है कि दोनों ने पहले पति को शराब पिलाई, फिर उसकी हत्या कर शव को बाग में गाड़ दिया. गुमशुदगी की जांच के दौरान पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया.

Advertisement
बाग से शव मिलने के बाद इलाके में फैली सनसनी. (Photo: Vinay Pandey/ITG) बाग से शव मिलने के बाद इलाके में फैली सनसनी. (Photo: Vinay Pandey/ITG)

विनय पांडेय

  • शाहजहांपुर,
  • 05 जून 2026,
  • अपडेटेड 7:51 PM IST

उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में प्रेम प्रसंग से जुड़ी एक सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा किया है. पुलिस के मुताबिक एक पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पति की हत्या कर दी. हत्या के बाद दोनों ने शव को छिपाने के लिए प्रेमी के बाग में गड्ढा खोदकर दफना दिया. मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. यह मामला थाना सेरामऊ दक्षिणी क्षेत्र के मानपुर मलकापुर गांव का है. यहां रहने वाले ओमकार 23 फरवरी 2026 को अचानक लापता हो गए थे. काफी तलाश के बाद भी जब उनका कोई पता नहीं चला तो उनके भाई सतवीर ने 6 मार्च 2026 को थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी.

Advertisement

गुमशुदगी दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. शुरुआत में इसे सामान्य लापता होने का मामला माना गया, लेकिन जांच आगे बढ़ने पर कई ऐसे तथ्य सामने आए जिन्होंने पूरे मामले को हत्या की ओर मोड़ दिया. इसके बाद पुलिस ने गहन जांच शुरू की और मामले के खुलासे के लिए विशेष टीम का गठन किया. पुलिस जांच में पता चला कि नन्हे नाम के युवक का ओमकार की पत्नी उमा भारती के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था. बताया गया कि ओमकार दोनों के संबंधों में बाधा बन रहे थे. इसी वजह से दोनों ने मिलकर उन्हें रास्ते से हटाने की साजिश रची.

गुमशुदगी की जांच ने खोला रिश्तों में छिपे कत्ल का राज

जांच के दौरान सामने आया कि घटना वाले दिन नन्हे ओमकार को अपने साथ बाग में ले गया. वहां पहले उन्हें शराब पिलाई गई. इसके बाद नन्हे और उमा भारती ने मिलकर उनकी हत्या कर दी. हत्या के बाद दोनों ने शव को ठिकाने लगाने की योजना बनाई और बाग में ही गड्ढा खोदकर शव को दफना दिया. पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर बाग से ओमकार का शव बरामद कर लिया. शव मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

Advertisement

इस मामले में एसपी सिटी देवेंद्र कुमार ने बताया कि 6 मार्च को वादी सतवीर ने अपने भाई ओमकार के लापता होने की तहरीर दी थी. इसके बाद पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू की. जांच के लिए सीओ सदर के नेतृत्व में एक एसआईटी का गठन किया गया था. उन्होंने बताया कि जांच में यह स्पष्ट हुआ कि ओमकार की उसी दिन हत्या कर दी गई थी. हत्या में उनकी पत्नी उमा भारती और उसके प्रेमी नन्हे की भूमिका सामने आई है. दोनों ने मिलकर ओमकार को रास्ते से हटाने की योजना बनाई और हत्या के बाद शव को नन्हे के बाग में दफना दिया.

पुलिस पूछताछ में खुलती गई वारदात की परतें

एसपी सिटी के अनुसार पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. शव बरामद कर लिया गया है और अब पोस्टमार्टम तथा फोरेंसिक साइंस लैब की रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी. पुलिस के खुलासे के बाद गांव और आसपास के इलाके में इस घटना की चर्चा है. एक गुमशुदगी के मामले से शुरू हुई जांच ने एक ऐसे हत्याकांड का पर्दाफाश किया, जिसमें पत्नी और उसके प्रेमी पर पति की हत्या करने का आरोप लगा है. फिलहाल दोनों आरोपी पुलिस हिरासत से जेल भेजे जा चुके हैं और मामले में आगे की जांच जारी है.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »