चंदौली में 24 घंटे के भीतर तीन मर्डर से सनसनी: ट्रेन में दो यात्रियों को मारी गोली, अस्पताल में महिला मरीज की हत्या

उत्तर प्रदेश के चंदौली में पिछले 24 घंटों के भीतर हुई तीन अलग-अलग हत्याओं ने पूरे जिले को दहला दिया है. दो वारदातों को चलती ट्रेनों में अंजाम दिया गया, जबकि तीसरी घटना एक निजी अस्पताल के भीतर हुई. पुलिस इन सभी मामलों के बीच किसी संभावित संबंध की जांच कर रही है.

Advertisement
चंदौली में रेलवे ट्रैक पर मिला था यात्री का शव (Photo- Screengrab) चंदौली में रेलवे ट्रैक पर मिला था यात्री का शव (Photo- Screengrab)

उदय गुप्ता

  • चंदौली ,
  • 11 मई 2026,
  • अपडेटेड 1:33 PM IST

Uttar Pradesh News: चंदौली जिले में रविवार सुबह से सोमवार सुबह के बीच तीन लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई. पहली वारदात पैसेंजर ट्रेन में जमानिया के मंगरु की हत्या के रूप में हुई, जिसे हमलावर ने ट्रेन से नीचे फेंक दिया. दूसरी घटना आधी रात को सियालदह-जम्मू तवी एक्सप्रेस में हुई, जहां यात्री दिनेश साहू को गोली मारी गई. तीसरी वारदात सोमवार सुबह अलीनगर के एक निजी अस्पताल में हुई, जहां भर्ती महिला मरीज लक्ष्मीना देवी की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई. पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और अस्पताल वाली घटना के आरोपी को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है.

Advertisement

अस्पताल के बेड पर महिला को मारी गोली

सोमवार सुबह करीब 6:00 बजे अलीनगर थाना क्षेत्र के जीवक अस्पताल में खौफनाक मंजर देखने को मिला. बिहार के भभुआ की रहने वाली लक्ष्मीना देवी यहां अपना इलाज करा रही थीं. तभी एक अज्ञात हमलावर अस्पताल में घुसा और उनके सिर में गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. वारदात के बाद हमलावर भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन वहां मौजूद ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए उसे दौड़ाकर पकड़ लिया. फिलहाल पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ कर रही है.

चलती ट्रेनों में दो यात्रियों का कत्ल

जिले में मर्डर का सिलसिला रविवार सुबह से शुरू हुआ. पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन से तारीघाट जाने वाली पैसेंजर ट्रेन में गाजीपुर के मंगरु नाम के यात्री को गोली मारी गई और उसे दरवाजे से बाहर फेंक दिया गया. अभी पुलिस इसकी गुत्थी सुलझा ही रही थी कि आधी रात को सियालदह-जम्मू तवी एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में एक और हत्या हो गई. गया से लखनऊ जा रहे दिनेश साहू को उस समय गोली मारी गई जब ट्रेन जंक्शन से वाराणसी की ओर बढ़ रही थी.

Advertisement

पुलिस जांच और आपसी कनेक्शन की तलाश

लगातार हुई इन तीन हत्याओं से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है. एसपी आकाश पटेल ने बताया कि अस्पताल में हुई हत्या के आरोपी से पूछताछ जारी है. पुलिस अब इस अहम बिंदु पर भी जांच कर रही है कि क्या इन तीनों वारदातों का आपस में कोई संबंध है. एक ही जिले में 24 घंटे के भीतर तीन लोगों को गोली मार देना सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर रहा है. पुलिस सर्विलांस और अन्य साक्ष्यों के आधार पर इन कड़ियों को जोड़ने में जुटी है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »