'मेरी मां ने गीदड़ नहीं शेर पैदा किया है...' घूस की पोल खोलने वाले सिपाही सुनील शुक्ला ने अधिकारियों को ललकारा

यूपी पुलिस के लखनऊ कमिश्नरेट में तैनात सिपाही सुनील कुमार शुक्ला ने विभाग में घूसखाेरी की पोल खोलकर सनसनी फैला दी है. इसके बाद उनके घर में पड़े छापे से नाराज सुनील ने अपने ही अधिकारियों को ललकारते हुए कहा कि मेरी मां ने गीदड़ नहीं शेर पैदा किया है. अब वीडियो के जरिए उन्होंने मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार लगाई गई है.

Advertisement
सिपाही सुनील कुमार शुक्ला ने वीडियो जारी कर अपने अधिकारियों की पोल खोल दी है (Photo: ITG) सिपाही सुनील कुमार शुक्ला ने वीडियो जारी कर अपने अधिकारियों की पोल खोल दी है (Photo: ITG)

aajtak.in

  • लखनऊ,
  • 11 मई 2026,
  • अपडेटेड 9:34 AM IST

यूपी पुलिस के सिपाही  सुनील कुमार शुक्ला का वीडियो इस समय सोशल मीडिया पर न सिर्फ सिस्टम पर सवाल उठा रहा है, बल्कि मुख्यमंत्री तक से सीधी गुहार लगाते हुए पुलिस विभाग के भीतर चल रहे कथित भ्रष्टाचार, वसूली और मानसिक उत्पीड़न की परतें खोल रहा है. एक के बाद एक तीन वीडियो जारी कर सुनील शुक्ला ने कई सवाल खड़े किए हैं. अब अधिकारियों को ललकारते हुए का एक वीडियो और वायरल हुआ है जिसमें वह देर रात अपने रायबरेली और अमेठी के घर में छापे पर सवाल खड़ा करते हुए कहता है  कि मेरी मां ने गीदड़ नहीं, शेर पैदा किया है… मुझे इस तरह दबाया नहीं जा सकेगा. सुनील कुमार शुक्ला इस समय लखनऊ कमिश्नरेट की रिजर्व पुलिस लाइन में तैनात हैं. 

Advertisement

क्या मैं आतंकवादी हूं ? 

सुनील शुक्ला तीखे सवालों के साथ मुख्यमंत्री को संबोधित करते हैं. वह कहते हैं कि आखिर उनके घर पर आधी रात को पुलिस क्यों भेजी गई. उन्होंने सवाल उठाया कि क्या वह कोई आतंकवादी हैं, नक्सली हैं, हत्यारे हैं या फिर किसी गंभीर अपराध में शामिल हैं? सुनील शुक्ला का दावा है कि रात करीब एक बजे 6 से 7 पुलिसकर्मी उनके घर पहुंचे. उस वक्त घर में उनकी बुजुर्ग मां और बहन मौजूद थीं. उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें मानसिक रूप से तोड़ने के लिए उनके परिवार पर दबाव बनाया जा रहा है. वीडियो में वह अपनी मां की बीमारी का जिक्र करते हुए कहते हैं कि उनके पिता का पहले ही निधन हो चुका है और परिवार पहले से दुख में है. ऐसे में आधी रात दबिश देकर परिवार को डराने की कोशिश की गई. वह कहते हैं कि उनका शारीरिक शोषण किया जा सकता है, लेकिन मानसिक रूप से उन्हें तोड़ा नहीं जा सकता.

Advertisement

काले अंग्रेज चला रहे पुलिस विभाग

उन्होंने दावा किया कि रिजर्व पुलिस लाइन में ड्यूटी लगाने के नाम पर हर महीने सिपाहियों और दीवानों से पैसे वसूले जाते हैं. आरोपों के मुताबिक, गार्ड कमांडर के जरिए यह रकम इकट्ठा होती है और फिर ऊपर तक पहुंचाई जाती है. सुनील शुक्ला ने वीडियो में पूरी कथित प्रक्रिया भी बताई. उनके मुताबिक, रिजर्व इंस्पेक्टर गणना प्रभारी नियुक्त करता है और वही आगे गार्ड कमांडर तय करता है. आरोप है कि ड्यूटी और पोस्टिंग के बदले हर महीने दो-दो हजार रुपये लिए जाते हैं. उन्होंने दावा किया कि करीब 400 पुलिसकर्मियों से यह वसूली की जा रही है, जिससे हर महीने लगभग 8 लाख रुपये इकट्ठा होते हैं. वीडियो में उन्होंने “चढ़ना डी” नाम के एक कथित डाटा सिस्टम का भी जिक्र किया, जिसके जरिए ड्यूटी और गार्ड की व्यवस्था संचालित होने का दावा किया गया. हालांकि, वीडियो में लगाए गए आरोपों की पुष्टि अभी तक नहीं हो सकी है.

भगत सिंह को मानने वाला हूं

वीडियो के दौरान कई बार सुनील शुक्ला भावुक भी हो जाते हैं. वह कहते हैं कि वह भगत सिंह को मानने वाले व्यक्ति हैं और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाना नहीं छोड़ेंगे. उन्होंने साफ कहा कि अगर उनकी आवाज बंद करनी है तो या तो उन्हें खत्म करना पड़ेगा या फिर पुलिस विभाग में सुधार करना होगा. वह कहते हैं कि उन्हें अधिकारियों से कोई व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं है, लेकिन विभाग में फैली अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के खिलाफ बोलना जरूरी है. उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि पुलिस विभाग में भी उसी तरह सुधार की पहल की जाए, जैसी कुछ अन्य विभागों में की गई थी.

Advertisement

पुलिस विभाग पर पहले भी उठते रहे सवाल

यह पहली बार नहीं है जब उत्तर प्रदेश पुलिस के भीतर भ्रष्टाचार या दबाव को लेकर आवाज उठी हो. इससे पहले भी कई मामलों में पुलिसकर्मियों ने ड्यूटी प्रेशर, लंबी कार्य अवधि, छुट्टियों की कमी और अधिकारियों के व्यवहार को लेकर सवाल खड़े किए हैं. हालांकि विभाग की ओर से समय-समय पर सुधारों के दावे भी किए जाते रहे हैं. पुलिस आधुनिकीकरण, डिजिटल मॉनिटरिंग और पारदर्शिता बढ़ाने की दिशा में कई कदम उठाए गए हैं. लेकिन वायरल वीडियो ने एक बार फिर निचले स्तर पर काम करने वाले पुलिसकर्मियों की स्थिति पर बहस छेड़ दी है.
 

 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement