कांवड़ यात्रा पर AI की नजर, 2500 कैमरों से होगा फेस डिटेक्शन; ATS से लेकर ब्लैक कमांडो तक रहेंगे तैनात

इस बार कांवड़ यात्रा में सिर्फ पुलिसकर्मी ही नहीं, बल्कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) भी सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालेगा. मुजफ्फरनगर में 30 जुलाई से शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा के दौरान करीब 2500 AI आधारित CCTV कैमरे फेस डिटेक्शन और क्राउड रीडिंग तकनीक से हर गतिविधि पर नजर रखेंगे. वहीं ATS, ब्लैक कमांडो, ड्रोन, बम निरोधक दस्ता और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम भी 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहेगी.

Advertisement
कांवड़ यात्रा को लेकर तैयारियां शुरू. (Photo: Screengrab) कांवड़ यात्रा को लेकर तैयारियां शुरू. (Photo: Screengrab)

संदीप सैनी

  • मुजफ्फरनगर,
  • 09 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 8:40 AM IST

30 जुलाई से शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा को लेकर मुजफ्फरनगर पुलिस और जिला प्रशासन ने इस बार सुरक्षा के लिए हाईटेक प्लान तैयार किया है. पहली बार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक से लैस करीब 2500 CCTV कैमरों के जरिए पूरे कांवड़ मार्ग की निगरानी की जाएगी. फेस डिटेक्शन, क्राउड रीडिंग, ड्रोन सर्विलांस और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के साथ ATS, ब्लैक कमांडो, बम निरोधक दस्ता और भारी पुलिस बल भी तैनात रहेगा.

Advertisement

सावन महीने में निकलने वाली कांवड़ यात्रा हर साल करोड़ों श्रद्धालुओं को आकर्षित करती है. हरिद्वार से गंगाजल लेकर दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में जाने वाले ज्यादातर कांवड़िए मुजफ्फरनगर से होकर गुजरते हैं. सुरक्षा के लिहाज से मुजफ्फरनगर को सबसे संवेदनशील जिलों में माना जाता है.

इसी को देखते हुए इस बार पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह तकनीक से जोड़ दिया है. यात्रा के दौरान करीब 2500 AI आधारित CCTV कैमरे लगाए जाएंगे. इन कैमरों में फेस डिटेक्शन, क्राउड रीडिंग और ऑटोमैटिक अलर्ट सिस्टम जैसी सुविधाएं होंगी, जिससे संदिग्ध गतिविधियों और भीड़ की स्थिति पर रियल टाइम नजर रखी जा सकेगी.

आसमान में ड्रोन, जमीन पर कमांडो

कांवड़ मार्ग की निगरानी कैमरों के साथ ही ड्रोन से की जाएगी, जबकि जमीन पर ATS, ब्लैक कमांडो, PAC, RRF, LIU, ट्रैफिक पुलिस, होमगार्ड, बम निरोधक दस्ता और स्थानीय पुलिस की तैनाती रहेगी. इसके अलावा सादी वर्दी में पुलिसकर्मी भी श्रद्धालुओं के बीच मौजूद रहेंगे, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत एक्शन लिया जा सके.

Advertisement

यह भी पढ़ें: माथे पर तिलक, हर-हर महादेव का जयघोष...मुस्लिम महिला बुर्का पहनकर कांवड़ यात्रा पर निकली

इस बार सिर्फ मुख्य कंट्रोल रूम ही नहीं, बल्कि कांवड़ मार्ग से जुड़े हर थाना परिसर को भी मिनी कंट्रोल रूम बनाया जाएगा. यहां पुलिस के साथ बिजली, स्वास्थ्य और सफाई विभाग के कर्मचारी भी चौबीसों घंटे मौजूद रहेंगे, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत मदद पहुंचाई जा सके.

पुलिस ने सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर भी सख्त नजर रखने की तैयारी की है. इसके लिए एसपी सिटी और एसपी ग्रामीण की निगरानी में अलग टीम बनाई गई है. यदि कोई भड़काऊ या आपत्तिजनक पोस्ट सामने आती है तो उसे तुरंत हटाने की कार्रवाई की जाएगी और संबंधित व्यक्ति के खिलाफ एक्शन भी होगा.

एडीजी ने लिया तैयारियों का जायजा

बुधवार को मेरठ जोन के एडीजी भानु भास्कर ने डीआईजी सहारनपुर, मुजफ्फरनगर के एसएसपी, जिलाधिकारी और अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ कांवड़ मार्ग का जायजा लिया. अधिकारियों ने पुरकाजी, नई मंडी, मंसूरपुर, खतौली, खालापार और नगर कोतवाली क्षेत्र का दौरा किया. इसके बाद बैठक में रूट मैनेजमेंट, भीड़ नियंत्रण, चिकित्सा सहायता, अग्निशमन, बिजली और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई.

एडीजी ने कहा कि पिछले साल की तरह इस बार भी सुरक्षित और व्यवस्थित कांवड़ यात्रा कराना प्राथमिकता है. इसके लिए अतिरिक्त पुलिस फोर्स और जरूरी संसाधन मुहैया कराए जाएंगे. उन्होंने बताया कि AI आधारित निगरानी सिस्टम और विशेषज्ञ एजेंसियों की मदद से किसी भी गतिविधि की पहचान कर समय रहते कार्रवाई की जाएगी.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »