श्रद्धा दुबे... जो कभी सोशल मीडिया पर तगड़ी चमक-दमक दिखाती थी, वह अब जेल की सलाखों के पीछे है. लखनऊ के शिवा शर्मा कांड में उसे 10 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है. नागपुर से गिरफ्तारी के बाद उसका पूरा हुलिया बदला नजर आ रहा है. स्कॉर्पियो से चलने वाली, महंगे होटलों में खाने वाली श्रद्धा कैदी वाहन में नजर आई, अब उसे जेल के मेन्यू के हिसाब से भोजन मिलेगा.
आपको बता दें कि बीते गुरुवार को कारोबारी शिवा शर्मा की संदिग्ध मौत के सिलसिले में नागपुर से गिरफ्तार मॉडल श्रद्धा दुबे को पुलिस द्वारा लखनऊ लाया गया है. सूत्रों के मुताबिक, वह दिल्ली और गुरुग्राम के मॉल में महंगी खरीदारी करती थी और उसे महंगे गिफ्ट मिलते थे.
इतना ही नहीं उसके बैंक खातों में लाखों रुपये मिलने की बात भी कही जा रही है. हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है. वित्तीय लेन-देन, खर्चों के स्रोतों आदि की पड़ताल की जा रही है.
नागपुर से गिरफ्तारी के बाद कानूनी शिकंजे में मॉडल
शिवा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में गिरफ्तार मॉडल श्रद्धा दुबे की जिंदगी में अब एक बहुत बड़ा बदलाव आ चुका है. जिस शानदार और चर्चा में रहने वाली जीवनशैली को लेकर वह जानी जाती थी, वह अब पूरी तरह से पुलिस जांच और कानूनी प्रक्रिया के दायरे में सिमट कर रह गई है.
महंगे शौक और मॉल में शॉपिंग
बताया जा रहा है कि श्रद्धा लखनऊ के अलावा दिल्ली, गुरुग्राम और अन्य बड़े शहरों के मॉल में महंगी खरीदारी करती थी और उसे कई महंगे गिफ्ट भी मिलते थे. ऐसे में उसके बैंक खातों की भी जांच हो सकती है. क्योंकि, पता लगाना अहम है कि ये रकम कहां से आती थी.
गौरतलब है कि रायबरेली की रहने वाली मॉडल, मेकअप आर्टिस्ट और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर श्रद्धा दुबे अपनी लग्जरी और ग्लैमरस लाइफस्टाइल के लिए जानी जाती रही है. हाल ही में वह लखनऊ के चर्चित शिवा शर्मा के मामले में चर्चा में आई. श्रद्धा के इंस्टाग्राम पर महंगे होटलों, हिमाचल यात्राओं, और लुई विटॉन व गूची जैसे ब्रांड्स के सामान के साथ वीडियो और फोटो भरे पड़े हैं. वह अपनी हर गतिविधि और ब्रांड प्रमोशन को सोशल मीडिया पर शेयर करती थी. तलाकशुदा श्रद्धा अलग-अलग कार्यक्रमों में गेस्ट के तौर पर शामिल होने और फोटोशूट कराने को लेकर भी काफी सक्रिय रहती थीं.
जमानत याचिका खारिज
इस बीच तीनों आरोपियों (श्रद्धा, रश्मि, तनवीर) को अदालत से राहत नहीं मिली है. लखनऊ सीजेएम कोर्ट ने मुख्य आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर तनवीर अली उर्फ दानिश की जमानत अर्जी खारिज कर दी है. तीनों की तरफ से जमानत के लिए सीजेएम कोर्ट में अर्जी दाखिल की गई थी. सुनवाई के दौरान अदालत ने अपराध को गंभीर बताते हुए उन्हें जमानत देने से इनकार कर दिया.
फिलहाल नागपुर से लखनऊ लाई गई श्रद्धा की दिनचर्या पुलिस पूछताछ और अदालत की कानूनी प्रक्रियाओं के इर्द-गिर्द घूम रही है. हालांकि, जेल के भीतर उसकी मौजूदा स्थिति या मिलने वाली सुविधाओं को लेकर कोई भी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. शिवा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में श्रद्धा की असल भूमिका का फैसला पूरी जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही सामने आएगा.
aajtak.in