उत्तर प्रदेश के मेरठ में युवाओं के बीच खतरनाक स्टंटबाजी का बढ़ता चलन एक बार फिर चर्चा का विषय बन गया है. हापुड़ रोड पर चलती जीप में जान जोखिम में डालकर स्टंट करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं वीडियो में नजर आ रहे अन्य युवकों की तलाश जारी है.
जानकारी के अनुसार, मंगलवार देर रात करीब 30 सेकंड का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ. वीडियो में एक जीप में आठ युवक सवार दिखाई दे रहे हैं. इनमें दो युवक आगे की सीट पर बैठे हैं, जबकि छह युवक जीप के पीछे खड़े होकर खतरनाक स्टंट करते नजर आ रहे हैं. बताया जा रहा है कि युवकों ने नौचंदी और लोहियानगर थाना क्षेत्र में करीब एक किलोमीटर तक जीप दौड़ाते हुए हुड़दंग किया, जिससे सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ गई.
पुलिस जांच में पता चला कि वायरल वीडियो इंस्टाग्राम पर ‘MR Habibi’ नामक अकाउंट से पोस्ट किया गया था. जांच के दौरान यह भी सामने आया कि वीडियो 30 मई का है. वाहन का विवरण खंगालने पर जीप शास्त्रीनगर निवासी राजेंद्र कुमार के नाम पर पंजीकृत मिली.
इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नावेद और हबीबी नामक दो युवकों को हिरासत में ले लिया. अधिकारियों का कहना है कि वीडियो में दिखाई दे रहे बाकी युवकों की पहचान की जा चुकी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है. पुलिस ने साफ किया है कि सार्वजनिक सड़कों पर स्टंटबाजी और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी.
उस्मान चौधरी