UP: पुलिस की गाड़ी से टकराई कार, हालचाल लेने पहुंचे पुलिसकर्मी.. देखा कुछ ऐसा कि रह गए सन्न

कन्नौज में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर पुलिस की गाड़ी से ब्रेजा कार की टक्कर के बाद 10 किलो सोना बरामद हुआ. कांवड़ ड्यूटी से लौट रही पुलिस ने हादसे के बाद कार सवार युवकों की घबराहट देखकर तलाशी ली. कार में रखे बैग से करीब 10 किलो सोने की ईंट मिली.

Advertisement
हादसे के बाद दुर्घटनाग्रस्त कार. (Photo: Screengrabs) हादसे के बाद दुर्घटनाग्रस्त कार. (Photo: Screengrabs)

नीरज श्रीवास्तव

  • कन्नौज,
  • 23 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 12:31 PM IST

कन्नौज में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार देर रात हुए एक सड़क हादसे ने ऐसा राज खोल दिया, जिसे देखकर पुलिस भी हैरान रह गई. कांवड़ ड्यूटी से लौट रही पुलिस की गाड़ी एक ब्रेजा कार से टकराई. हादसे के बाद पुलिसकर्मी कार सवार युवकों का हालचाल जानने पहुंचे, लेकिन उनकी घबराहट ने पुलिस का शक बढ़ा दिया. इसके बाद जब कार की तलाशी ली गई तो एक बैग में करीब 10 किलो सोने की ईंट मिली. इतनी बड़ी मात्रा में सोना देखकर पुलिस के होश उड़ गए.

Advertisement

तलाशी के दौरान बैग से मिला 10 किलो सोना
बताया जा रहा है कि सकरावा थाना प्रभारी शुक्रवार रात करीब दो 2 बजे अपने हमराह सिपाहियों के साथ कांवड़ यात्रा की ड्यूटी से वापस लौट रहे थे. इसी दौरान लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे के 171 किलोमीटर प्वाइंट के पास उनकी पुलिस गाड़ी की ब्रेजा कार से टक्कर हो गई. टक्कर के बाद पुलिसकर्मी ब्रेजा के पास पहुंचे और कार सवार लोगों से उनकी कुशलक्षेम पूछी. इस दौरान कार में बैठे दोनों युवक कथित तौर पर घबरा गए. उनके व्यवहार को देखकर पुलिसकर्मियों को कुछ संदेह हुआ.पुलिस ने कार की तलाशी लेने का फैसला किया.

कार की तलाशी के दौरान मिला 10 किलो सोना. (Photo: Screengrabs)

तलाशी के दौरान पुलिस को कार में रखा एक बैग मिला. जब बैग खोला गया तो उसके अंदर सोने की एक बड़ी ईंट बरामद हुई. उसका वजन करीब 10 किलोग्राम बताया जा रहा है. इतनी बड़ी मात्रा में सोना मिलने के बाद पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया और कार को भी कब्जे में ले लिया. मामले की सूचना तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई. इसके बाद पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को पूछताछ के लिए थाने ले जाया गया. शुरुआती जानकारी के मुताबिक हिरासत में लिए गए युवकों में एक महाराजगंज का रहने वाला है, जबकि दूसरा नेपाल का निवासी बताया जा रहा है.

Advertisement

नहीं होती टक्कर तो दफन हो जाता 10 किलो सोने का राज
पुलिस को आशंका है कि यह सोना नेपाल से तस्करी के जरिए दिल्ली ले जाया जा रहा था. हालांकि, सोने का स्रोत क्या है, इसके दस्तावेज हैं या नहीं और इसे दिल्ली में किसे सौंपा जाना था, इन सभी सवालों के जवाब जांच के बाद ही सामने आएंगे. फिलहाल पुलिस बरामद 10 किलो सोने की कीमत और उसकी शुद्धता की जांच के साथ-साथ दोनों युवकों से पूछताछ कर रही है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस सोने के पीछे कोई बड़ा तस्करी नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है. खास बात यह है कि अगर ब्रेजा की पुलिस वाहन से टक्कर नहीं होती, तो शायद कार में छिपा 10 किलो सोने का यह राज सामने ही नहीं आता.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »