उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में पुलिस ने 50 लाख रुपये की रंगदारी वसूलने के मामले में बड़ी कार्रवाई की है. छपार पुलिस ने दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे 58 के पास से हिंदू रक्षा दल के युवा जिला अध्यक्ष हेमंत शर्मा को गिरफ्तार किया. आरोप है कि हेमंत और उसके साथियों ने दिल्ली के सीलमपुर निवासी कबाड़ी जफर की गाड़ी छपार टोल पर रोककर 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी. डर के मारे कबाड़ी ने 9 लाख रुपये दे दिए थे. पुलिस ने आरोपी हेमंत के पास से ₹50,000 की नगदी और कबाड़ के तारों से लदी बोलेरो गाड़ी बरामद की है.
छपार टोल पर रोकी थी कबाड़ की गाड़ी
घटना 21 जुलाई की है, जब दिल्ली के सीलमपुर निवासी कबाड़ी जफर की महिंद्रा बोलेरो मैक्स गाड़ी कबाड़ लेकर देहरादून से लौट रही थी. चालक लारेब और परिचालक असद जब छपार टोल पहुंचे, तो एक दर्जन से अधिक युवकों ने उनकी गाड़ी रोक ली. आरोपियों ने परिचालक के फोन से जफर को कॉल कर 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी.
डर के मारे दिए 9 लाख रुपये, पुलिस में की शिकायत
घबराए कबाड़ी जफर ने डर के कारण आरोपियों द्वारा बताए गए स्थान पर ₹9,00,000 पहुंचा दिए. इसके बाद जफर ने छपार थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हेमंत शर्मा को गिरफ्तार कर लिया, जिसने पूछताछ में अपने कई अन्य साथियों के नाम भी उजागर किए हैं.
बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज, बाकी आरोपी फरार
आलाधिकारियों के अनुसार, मामले में मुख्य आरोपी हेमंत शर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य फरार साथियों की तलाश में छापेमारी जारी है. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 308(5), 126(2), 351(3) और 3(5) के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
संदीप सैनी