UP: प्रेमिका ने परिजनों ने पीटा, आहत होकर प्रेमी ने खा लिया जहर, वीडियो बनाकर लगाए गंभीर आरोप

हापुड़ के युवक शाहिद ने प्रेम प्रसंग में विवाद के बाद जहर खाकर आत्महत्या कर ली. मरने से पहले उसने वीडियो बनाकर प्रेमिका के परिवार पर मारपीट और धमकी का आरोप लगाया. इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. पुलिस ने वीडियो का संज्ञान लेकर जांच शुरू कर दी है और आगे की कार्रवाई की बात कही है.

Advertisement
जहर खाकर युवक ने की खुदकुशी (Photo: Representational) जहर खाकर युवक ने की खुदकुशी (Photo: Representational)

उस्मान चौधरी

  • मेरठ ,
  • 23 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 5:29 PM IST

हापुड़ से जुड़ा एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां प्रेम प्रसंग में विवाद के बाद एक युवक ने जहर खा लिया और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. मरने से पहले युवक ने एक वीडियो बनाकर अपनी मौत के लिए प्रेमिका के परिजनों को जिम्मेदार ठहराया है. यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

Advertisement

मृतक की पहचान शाहिद (25) के रूप में हुई है, जो हापुड़ का रहने वाला था. वह मेरठ के खरखौदा थाना क्षेत्र के धीरखेड़ा इलाके में एक ढाबे पर काम करता था. जानकारी के अनुसार सोमवार को शाहिद ने जहर खा लिया था. हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां मंगलवार देर रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई.

जहर खाकर युवक ने बनाया वीडियो

वीडियो में शाहिद ने बताया कि उसकी शादी हापुड़ के मोदीनगर रोड स्थित एक कॉलोनी में रहने वाली युवती से तय हुई थी. वह खुद और उसके परिजन भी लड़की के घर गए और उसके साथ मारपीट की गई. उसने कहा कि लड़की के परिवार वालों और उनके रिश्तेदारों ने उसे पीटा और जान से मारने की धमकी दी. उसने यह भी कहा कि उसी मारपीट और दबाव के कारण उसने जहर खाया है. शाहिद ने अपने वीडियो में साफ कहा कि उसकी मौत के जिम्मेदार लड़की के घर वाले हैं.

Advertisement

शाहिद ने यह भी आरोप लगाया कि लड़की के साथ भी मारपीट की जा रही थी और शादी से पीछे हटने की कोशिश की जा रही थी. उसने वीडियो में कहा कि उसकी शादी तय हो चुकी थी, लेकिन अब शादी नहीं की जा रही थी. उसने प्रशासन से मांग की कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और उसे न्याय दिलाया जाए.

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की

इस पूरे मामले में मेरठ पुलिस ने संज्ञान लिया है. एसपी देहात मेरठ अभिजीत कुमार ने बताया कि थाना खरखौदा क्षेत्र से एक वीडियो सामने आया है, जिसमें एक व्यक्ति ने अपने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं. पुलिस इस वीडियो की जांच कर रही है. उन्होंने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है. युवक की मौत और उसका आखिरी वीडियो कई सवाल खड़े कर रहा है. पुलिस अब पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है, ताकि सच्चाई सामने लाई जा सके.
 

नोट:- (अगर आपके या आपके किसी परिचित के मन में आता है खुदकुशी का ख्याल तो ये बेहद गंभीर मेडिकल एमरजेंसी है. तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 पर संपर्क करें. आप टेलिमानस हेल्पलाइन नंबर 1800914416 पर भी कॉल कर सकते हैं. यहां आपकी पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी और विशेषज्ञ आपको इस स्थिति से उबरने के लिए जरूरी परामर्श देंगे. याद रखिए जान है तो जहान है.)

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement