उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा के आईनोट्रोनिक्स कंपनी से हुई करोड़ों रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा किया है. पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. उनके कब्जे से चोरी की 3172 पीओएस पेटीएम प्रिंटर/मोबाइल टाइप मशीनें और एयरटेल के 147 सेटअप बॉक्स बरामद किए गए हैं. कंपनी ने बरामद सामान की कीमत करीब 3 करोड़ रुपये बताई है.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिलाल (26), निवासी गाजियाबाद, सलमान (32) और आदिल (26), निवासी बुलंदशहर के रूप में हुई है. पुलिस ने चोरी में इस्तेमाल छोटा हाथी वाहन और तीन चाकू भी बरामद किए हैं.
गश्त के दौरान मिली चोरी के सामान की सूचना
एडीसीपी सेंट्रल नोएडा स्वतंत्र सिंह ने बताया कि बुधवार रात पुलिस गश्त और चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आईनोट्रोनिक्स कंपनी से चोरी हुआ सामान एक लोडर में भरा है. कुछ लोग न्यू दादरी रेलवे स्टेशन के पास जंगल में खड़े हैं और सामान को कहीं ले जाने की तैयारी कर रहे हैं.
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने न्यू दादरी जंक्शन के पास जंगल में घेराबंदी की. वहां से लोडर समेत तीन आरोपियों को पकड़ लिया गया. पुलिस ने मामले के खुलासे के लिए थाना सूरजपुर और सर्विलांस की तीन टीमें बनाई थीं.
यह भी पढ़ें: 3 मिनट में कार चोरी, बार-बार सेल्फ लेने पर भी नहीं घबराया चोर... CCTV में कैद हुई वारदात
पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने 9 अक्टूबर की देर रात में अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था. उन्होंने बताया कि सूरजपुर औद्योगिक क्षेत्र की साइट-बी में स्थित कंपनी के पीछे जंगल की तरफ जाने वाला रास्ता है.
आरोपियों ने कंपनी की पिछली दीवार में लगे बड़े एग्जॉस्ट फैन को उखाड़ दिया और उसी रास्ते अंदर घुस गए. वहां कार्टूनों में पैक पीओएस पेटीएम मशीनें, सेटअप बॉक्स और अन्य सामान रखा था. आरोपियों ने कार्टून बाहर निकाले और जंगल के रास्ते छोटा हाथी वाहन में लादकर ले गए. वे सामान बेचने जा रहे थे, तभी उन्हें पकड़ लिया गया.
मशीनों और सेटअप बॉक्स के साथ चाकू भी बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3172 पीओएस पेटीएम प्रिंटर/मोबाइल टाइप मशीनें, एयरटेल के 147 सेटअप बॉक्स, एक बारकोड प्रिंटर, दो क्यूआर कोड स्कैनर, दो रोल शोल्डर वायर, दस मदरबोर्ड और तीन चाकू बरामद किए हैं. पुलिस के अनुसार, कंपनी से चोरी हुए सामान की शत-प्रतिशत बरामदगी कर ली गई है.
यह भी पढ़ें: एक फ्लैट मालिक अमेरिका गया, दूसरा पानीपत... इधर नोएडा की सोसायटी में ताले काटकर घुस गए चोर! डेढ़ करोड़ की चोरी
पुलिस का कहना है कि बिलाल दसवीं पास है और कबाड़ी का काम करता है. सलमान ने दूसरी कक्षा तक पढ़ाई की है और फेस-2 की फूलमंडी में फल बेचता है. आदिल पांचवीं कक्षा तक पढ़ा है और मीट की दुकान चलाता है.
चार अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस का कहना है कि चोरी में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान दादरी निवासी इमरान उर्फ पंगा, लखनावली निवासी फरमान, लखनावली निवासी राशिद और नई आबादी दादरी निवासी वसीम के रूप में हुई है. इनकी गिरफ्तारी के लिए थाना सूरजपुर की तीन टीमें लगाई गई हैं.
पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. गिरफ्तार आरोपी आदिल के खिलाफ गौतमबुद्ध नगर और अलीगढ़ के विभिन्न थानों में कुल 10 मुकदमे दर्ज हैं. इनमें सूरजपुर थाने में चोरी, आर्म्स एक्ट और जुआ अधिनियम से जुड़े मामले शामिल हैं. अलीगढ़ के बन्ना देवी, खैर और सासनी गेट थानों में भी उसके खिलाफ चोरी, आर्म्स एक्ट और अन्य धाराओं में सात मुकदमे दर्ज हैं. वहीं, बिलाल और सलमान के खिलाफ सूरजपुर थाने में दो-दो मुकदमे दर्ज हैं. पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है.
अरुण त्यागी