गाजियाबाद के साहिबाबाद थाना क्षेत्र के लाजपत नगर में चोरों ने आधी रात घर के बाहर खड़ी कार पर हाथ साफ कर दिया. बाइक से पहुंचे दो बदमाशों में से एक ने कार खोलकर उसे स्टार्ट करने की कोशिश की. कई बार सेल्फ लेने के बावजूद गाड़ी चालू नहीं हुई, लेकिन पकड़े जाने के डर से उसने कोशिश नहीं छोड़ी. आखिरकार कार स्टार्ट होते ही वह उसे लेकर फरार हो गया. चोरी की पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
जानकारी के मुताबिक, बुधवार देर रात करीब 1:58 बजे बाइक सवार दो बदमाश लाजपत नगर इलाके में एक घर के पास पहुंचे. उनमें से एक बाइक पर ही कुछ दूरी पर रुक गया, जबकि दूसरा नीचे उतरकर घर के बाहर खड़ी कार की ओर बढ़ा. इसके बाद वह आराम से गाड़ी के पास पहुंचा और किसी चाबी की मदद से उसे खोलकर अंदर बैठ गया.
यह भी पढ़ें: गाजियाबाद में निर्माणाधीन गोदाम का लेंटर गिरा, मलबे में दबे मजदूरों की तलाश जारी
कार में बैठने के बाद आरोपी ने इंजन चालू करने के लिए सेल्फ लिया, लेकिन गाड़ी स्टार्ट नहीं हुई. उसने दोबारा कोशिश की और लगातार कई बार सेल्फ लेने के बावजूद कार चालू नहीं हुई. इस दौरान इंजन स्टार्ट करने की आवाज रात के सन्नाटे में सुनाई देती रही. इसके बावजूद आरोपी ने न तो घबराहट दिखाई और न ही वहां से भागने की जल्दबाजी की. वह लगातार कार स्टार्ट करने में जुटा रहा.
कई कोशिशों के बाद स्टार्ट हुई कार, लेकर फरार हुआ बदमाश
आखिरकार आरोपी की कोशिश कामयाब हो गई और कार स्टार्ट हो गई. इसके बाद वह गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया. फुटेज के अनुसार, बाइक सवार बदमाशों के पहुंचने से लेकर कार लेकर निकलने तक की पूरी वारदात करीब तीन मिनट में अंजाम दी गई.
देखें वीडियो...
कुछ मिनट पहले तक घर के बाहर खड़ी कार को इस तरह चोरी कर लिया जाएगा, इसका अंदाजा आसपास के लोगों को भी नहीं था. सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद इलाके में लोगों के बीच चिंता बढ़ गई है. घरों के बाहर खड़े वाहनों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं.
पुलिस कर रही कार और बदमाशों की तलाश
घटना की शिकायत स्थानीय स्तर पर पुलिस से की गई है. पुलिस कार बरामद करने और वारदात में शामिल आरोपियों की पहचान करने में जुटी है. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की गतिविधियों की जांच की जा रही है.
पुलिस का कहना है कि चोरी हुई कार बरामद करने के साथ ही घटना में शामिल बदमाशों को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है. फिलहाल मामले की जांच जारी है.
मयंक गौड़