उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद के मोदीनगर स्थित निवाड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम पुठरी में 21 साल के युवक तरुण उर्फ नमित की धारदार हथियार से की गई निर्मम हत्या का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त दरांती और मृतक का मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक और उसके साथियों द्वारा आरोपी को 'बाबा' कहकर चिढ़ाया जाता था, जिससे नाराज होकर उसने वारदात को अंजाम दिया.
पुलिस के अनुसार, रविवार शाम करीब पांच बजे तरुण उर्फ नमित घर से घूमने की बात कहकर निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा. सोमवार सुबह ग्रामीणों ने पुठरी गांव के गन्ने के खेत में उसका खून से लथपथ शव पड़ा देखा. शव पर धारदार हथियार से कई वार किए गए थे. सूचना मिलते ही निवाड़ी थाना पुलिस, फॉरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया.
मृतक के पिता निर्दोष कुमार की तहरीर पर थाना निवाड़ी में अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) और 238 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया. इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से जांच शुरू की. जांच के दौरान ग्राम पुठरी निवासी 23 साल के निरांचल उर्फ मंत्री पुत्र जगदीश का नाम प्रकाश में आया, जिसे पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार कर लिया.
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह पूजा-पाठ में अधिक समय देता था, जिस कारण तरुण और उसके साथी उसे 'बाबा-बाबा' कहकर चिढ़ाते और परेशान करते थे. आरोपी के अनुसार, दो-तीन दिन पहले भी गांव के एक युवक के साथ मिलकर उसे बाबा- बाबा कहकर चिढ़ाया और परेशान किया गया था. घटना वाले दिन रास्ते में जंगल के पास तरुण अकेला मिला. वहां बातचीत के दौरान भी उसने कथित रूप से चिढ़ाना शुरू कर दिया, जिससे गुस्से में आकर आरोपी ने दरांती से उसकी गर्दन पर वार कर दिया. इसके बाद वह घायल तरुण को घसीटकर गन्ने के खेत में ले गया, जहां उस पर कई और वार कर उसकी हत्या कर दी. शव को छिपाने के लिए प्लास्टिक की बोरी से ढक दिया और मौके से फरार हो गया.
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त दरांती और मृतक का मोबाइल फोन बरामद कर लिया है. आरोपी के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले का सफल अनावरण कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है.
मयंक गौड़